Maharashtra Hill Accident: महाराष्ट्र में पहाड़ से हुए हादसे में पिता, मां और बेटे की मौत के मामले में अब कई नई बातें सामने आई हैं। शुरुआती जानकारी में दावा किया गया था कि बेटे कुणाल ने आईफोन को लेकर आत्महत्या की थी। हालांकि, कुणाल की मौसी पल्लवी ने इस दावे को पूरी तरह खारिज किया है।
मोबाइल फोन से जुड़ी नहीं थी घटना
कुणाल की मौसी पल्लवी ने कहा कि इस घटना का मोबाइल फोन से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पूरी जानकारी के किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। उनका कहना था कि लोगों को असल स्थिति के बारे में कुछ पता नहीं है, इसलिए उन्हें इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।इंडिया टुडे की रिपोर्ट में परिवार के हवाले से बताया गया है कि कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता साथ रहें। हालांकि, दोनों के बीच तलाक हुआ था या नहीं, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
परिवार में कई महीनों से चल रहा था तनाव
दूसरी ओर, DCP पंकज अतुलकर ने बताया कि परिवार में पिछले दो से तीन महीनों से विवाद चल रहा था। लगातार बने इस विवाद के कारण परिवार में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।21 अगस्त को कुणाल के साथ जान गंवाने वाली उसकी मां संगीता चांदगुडे ने हादसे से ठीक एक दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने रिश्तों और प्यार की अहमियत पर बात की थी।संगीता ने वीडियो में कहा था कि जो व्यक्ति प्यार को महत्व नहीं देता, उसके लिए कुछ भी करना किसी मायने का नहीं है।
परिवार के विवाद को लेकर दो अलग-अलग दावे
कुणाल के परिवार में चल रहे विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं।
संगीता के मायके वालों का दावा
संगीता के मायके पक्ष के अनुसार, मुरलीधर और संगीता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि इस विवाद में संपत्ति से जुड़े मामले भी शामिल थे। परिवार के मुताबिक, कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता के बीच चल रहे मतभेद खत्म हो जाएं और दोनों साथ रहें।
पिता के परिवार की अलग कहानी
वहीं, मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने दंपती के रिश्ते को लेकर अलग जानकारी दी। उनके मुताबिक, मुरलीधर और संगीता ने करीब 22 साल पहले प्रेम विवाह किया था।
शोभा ने बताया कि मुरलीधर के माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे और उन्होंने शादी में हिस्सा भी नहीं लिया था। उनका दावा है कि संगीता को ससुराल वालों ने कभी स्वीकार नहीं किया।
इस तरह, हादसे के बाद सामने आ रही अलग-अलग जानकारियों से परिवार के रिश्तों और लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की पूरी तस्वीर जांच के आगे बढ़ने के बाद ही साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में अगले 3 घंटे तेज बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव; 20 राज्यों में IMD की चेतावनी








