Modi: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। भाजपा उम्मीदवार देबांगशु पांडा ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और उसका उम्मीदवार चौथे स्थान पर पहुंच गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक मंच एक्स पर पोस्ट कर फाल्टा की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जीत हुई है और धमकियों की हार हुई है। प्रधानमंत्री ने भाजपा उम्मीदवार देबांगशु पांडा को रिकॉर्ड अंतर से जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पश्चिम बंगाल की जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी आगे भी पश्चिम बंगाल के विकास और प्रगति के लिए लगातार काम करती रहेगी।
Modi: रिकॉर्ड अंतर से जीते देबांगशु पांडा
फाल्टा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार देबांगशु पांडा को एक लाख 49 हजार 666 वोट मिले। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी को एक लाख 9 हजार 21 मतों के भारी अंतर से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक तीसरे स्थान पर रहे, जबकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर पहुंच गए। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस दोनों उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के गठन के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पार्टी का उम्मीदवार किसी चुनाव में चौथे स्थान पर पहुंचा है। वहीं वर्ष 2011 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हुई है। फाल्टा सीट पर हुए पुनर्मतदान के बाद भाजपा की विधानसभा में कुल सीटों की संख्या बढ़कर 208 हो गई है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।








