Amit Shah: भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में नई ‘360 डिग्री सुरक्षा योजना’ लागू करने की घोषणा की है। बीकानेर में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में घुसपैठ, साइबर अपराध, अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में सीमा सुरक्षा बल, राजस्थान पुलिस और कई केंद्रीय एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीमा से 15 किलोमीटर तक सख्त निगरानी
बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत-पाकिस्तान सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में किसी भी अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले सभी अनाधिकृत ढांचों को तत्काल हटाया जाए। सीमावर्ती जिलों के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अमित शाह ने घुसपैठ और सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए बीएसएफ और राज्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।
Amit Shah: साइबर अपराध और फर्जी नेटवर्क पर कार्रवाई
सुरक्षा योजना में साइबर अपराध और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। जिला प्रशासन को शेल कंपनियों, म्यूल खातों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के अधिक अधिकार दिए गए हैं। अधिकारियों को नकली आधार कार्ड बनाने वाले गिरोहों और अवैध नेटवर्क की जांच तेज करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई, ताकि साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा सके।
नए कानूनों के सख्त पालन पर जोर
गृह मंत्री ने नए आपराधिक कानूनों को सीमावर्ती जिलों में पूरी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के बीच मजबूत तालमेल ही सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बना सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले बिहार के सीमांचल क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। अब राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी, कानून व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को पहले से अधिक मजबूत बनाया जाएगा।








