Viral Donald Trump Buffalo: बांग्लादेश में इन दिनों एक अनोखा भैंसा लोगों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। सुनहरे बालों और शांत स्वभाव वाले इस दुर्लभ एल्बिनो भैंसे को लोग प्यार से ‘डोनाल्ड ट्रंप’ कहने लगे। वजह थी उसके सिर पर लटकते सुनहरे बाल, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मशहूर हेयरस्टाइल जैसे दिखाई देते हैं। देखते ही देखते यह भैंसा सोशल मीडिया पर इतना वायरल हो गया कि ईद-उल-अजहा पर होने वाली उसकी कुर्बानी तक रोकनी पड़ गई।करीब 700 किलो वजनी यह भैंसा पहले एक सामान्य कुर्बानी के जानवर की तरह खरीदा गया था, लेकिन इंटरनेट पर उसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद लोग उसे देखने के लिए दूर-दूर से पहुंचने लगे। ढाका के पास नरायणगंज स्थित फार्म पर हर दिन भारी भीड़ जमा होने लगी। लोग सिर्फ एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते दिखाई दिए।
सरकार को करना पड़ा दखल
भैंसे की बढ़ती लोकप्रियता और फार्म पर उमड़ती भीड़ को देखते हुए आखिरकार बांग्लादेश सरकार को बीच में आना पड़ा। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के निर्देश के बाद प्रशासन ने खरीदार के पैसे वापस कराने और भैंसे को सुरक्षित रूप से ढाका के नेशनल जू भेजने का फैसला लिया।सरकारी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सुरक्षा कारणों और असामान्य पब्लिक इंटरेस्ट को देखते हुए उठाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, अगर कुर्बानी की प्रक्रिया जारी रहती तो भीड़ और अव्यवस्था बढ़ सकती थी। यही वजह रही कि आखिरी समय में उसकी जान बचा ली गई।
Viral Donald Trump Buffalo:कैसे पड़ा ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम?
फार्म मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि उनके छोटे भाई ने सबसे पहले इस भैंसे को देखकर मजाक में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ कहा था। दरअसल उसके सिर पर मौजूद घने सुनहरे बाल बिल्कुल ट्रंप के हेयरस्टाइल जैसे लगते थे। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने यही नाम पकड़ लिया और कुछ ही दिनों में यह नाम पूरे बांग्लादेश में वायरल हो गया।चार साल के इस एल्बिनो भैंसे को करीब दस महीने पहले खरीदा गया था। मालिक के अनुसार इसकी देखभाल सामान्य भैंसों से कहीं ज्यादा करनी पड़ती है। उसे नियमित रूप से नहलाया जाता है और खास खानपान दिया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि इतना विशाल होने के बावजूद उसका स्वभाव बेहद शांत बताया जा रहा है।
Viral Donald Trump Buffalo: आखिर इतने खास क्यों होते हैं एल्बिनो भैंसे?
बांग्लादेश में एल्बिनो भैंसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं। आमतौर पर वहां भैंसों का रंग काला या गहरा ग्रे होता है, लेकिन एल्बिनिज्म नाम की जेनेटिक स्थिति के कारण कुछ जानवरों में मेलानिन नहीं बनता। इसी वजह से उनकी त्वचा हल्की, बाल सफेद या सुनहरे और नाक गुलाबी दिखाई देती है।विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे जानवर बहुत कम देखने को मिलते हैं, इसलिए लोग उन्हें लेकर जल्दी आकर्षित हो जाते हैं। यही कारण है कि ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का यह भैंसा भी लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया।
अब नेशनल जू में रहेगा ‘डोनाल्ड ट्रंप’
सरकार के फैसले के बाद अब यह दुर्लभ भैंसा ढाका के नेशनल जू में रखा जाएगा। माना जा रहा है कि वहां आने वाले लोग उसे खास आकर्षण के रूप में देख सकेंगे। सोशल मीडिया पर लोग भी इस फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वायरल लोकप्रियता ने आखिरकार इस अनोखे जानवर की जान बचा ली।
ये भी पढ़े: लाहौल-स्पीति में भारी भूस्खलन: जाहलमा नाले के पास दरकी पहाड़ी, संसारी-तिन्दी-तांदी मार्ग पूरी तरह बंद








