Jewar Airport Upgrade: उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार अब और तेज होने जा रही है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए शुरुआती चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 15 जून से पहले पूरे क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और व्यवस्थित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बढ़ेगी ई-बसों की ताकत
स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक में मुख्यमंत्री ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति की समीक्षा की। सरकार का फोकस साफ है कि आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट सिर्फ हवाई यात्रा का केंद्र नहीं बल्कि आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ट्रांसपोर्ट सिस्टम का मॉडल बने।बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 15.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश में 10 हजार चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का लक्ष्य रखा है, जबकि अभी लगभग 2500 चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से विस्तार देने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में बढ़ने वाली ई-व्हीकल जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सके।
Jewar Airport Upgrade: एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को मिलेगा नया वेग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और विनिमय से जुड़े मामलों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 55 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। वहीं आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जून के अंत तक भूमि अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट भी स्वीकृत हो चुका है और आगे की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
Jewar Airport Upgrade: डिफेंस कॉरिडोर और टेक्सटाइल पार्क पर सरकार का बड़ा फोकस
बैठक में उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की बात कही। अलीगढ़ डिफेंस नोड में आइकॉन्स हिंदुस्तान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 125 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया गया है।इसके अलावा लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार इन परियोजनाओं को कृषि और औद्योगिक विकास से जोड़कर रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा एग्री एक्सपोर्ट हब
सरकार जेवर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निर्यात का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी में भी जुटी है। एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब के लिए 50 एकड़ भूमि की जरूरत बताई गई है, जिसमें से 29 एकड़ भूमि चिन्हित की जा चुकी है।वहीं उन्नाव में विकसित होने वाली एक्वा ब्रिज परियोजना के तहत फिश प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं तैयार की जाएंगी, जिससे किसानों और कारोबारियों को सीधा फायदा मिलेगा।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ‘सीएम समीक्षा’ में शामिल परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सेल बनाकर सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि विकास कार्य तय समयसीमा में पूरे हो सकें।
ये भी पढ़े: रिचेकिंग के लिए उमड़ी छात्रों की भीड़, क्या फिर से होगी CBSE 12वीं की परीक्षा?








