Mp news: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से किसानों की बदहाली की एक बेहद दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। यहां बैंगन की इतनी ज्यादा पैदावार हुई कि अब किसान उसे बेच नहीं पा रहे हैं। हालत ये हो गई है कि मंडी में बैंगन 1 रुपये किलो के भाव पर भी कोई खरीददार नहीं मिल रहा। मजबूर होकर किसान अपनी मेहनत से तैयार फसल पर ट्रैक्टर चला रहे हैं, जबकि कई किसान बैंगन को खेतों में ही छोड़ रहे हैं या जानवरों को खिला रहे हैं।
4 बीघा फसल पर चला दिया ट्रैक्टर
बड़वानी के करी गांव के किसान राधेश्याम गेहलोद ने निराश होकर अपनी चार बीघा बैंगन की फसल ट्रैक्टर से नष्ट कर दी। किसान का कहना है कि इस बार उन्होंने परिवार के साथ मिलकर दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार की थी, लेकिन बाजार में इतना खराब भाव मिला कि लागत निकालना भी मुश्किल हो गया। राधेश्याम के मुताबिक, एक बीघा बैंगन की खेती में करीब 50 हजार रुपये का खर्च आया था। यानी चार बीघा में लगभग 2 लाख रुपये से ज्यादा लागत लगी। इसमें खाद, दवा, सिंचाई और मजदूरी का खर्च शामिल था।
Mp news: मंडी में 1 रुपये किलो तक गिरा भाव
किसान ने बताया कि वह 50 से 60 बोरी बैंगन लेकर मंडी पहुंचे थे। हर बोरी में करीब 50 से 60 किलो बैंगन था। उन्हें उम्मीद थी कि बैंगन कम से कम 10 से 12 रुपये किलो बिकेगा, लेकिन मंडी में सिर्फ 1 रुपये किलो का भाव मिला। ऐसे में मंडी तक माल पहुंचाने का किराया भी नहीं निकल पा रहा था। मजबूरी में किसान ने पूरी फसल पर ट्रैक्टर चलाकर उसे खत्म कर दिया।
Mp news: “तोड़ाई और भाड़ा भी नहीं निकल रहा”
किसान के बेटे दीपक गेहलोद ने बताया कि इस बार खेत में बैंगन की बंपर पैदावार हुई थी, लेकिन बाजार में कोई खरीददार नहीं मिल रहा। शुरुआत में बैंगन 5 रुपये किलो तक बिका था, लेकिन अब हालत ये है कि व्यापारी 1 रुपये किलो में भी माल लेने को तैयार नहीं हैं। दीपक के मुताबिक, अब बैंगन तोड़ने, मजदूरी देने और मंडी तक ले जाने का खर्च भी नहीं निकल रहा। इसी वजह से कई किसान फसल खेतों में ही छोड़ रहे हैं या पशुओं को खिला रहे हैं।
किसानों ने डीजल की कीमतों को ठहराया जिम्मेदार
किसानों का आरोप है कि डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट का खर्च काफी बढ़ गया है। इसी वजह से बाहर के व्यापारी छोटी मंडियों में माल खरीदने नहीं आ रहे। दीपक गेहलोद का कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से मंडी में बैंगन पहुंच तो रहा है, लेकिन बाहर सप्लाई नहीं हो पा रही। इसका सीधा असर किसानों की कमाई पर पड़ा है और उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसानों के सामने बड़ा संकट
Mp news: बड़वानी के किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह फसलों के दाम गिरते रहे तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने सरकार से सब्जियों के उचित दाम दिलाने और ट्रांसपोर्ट लागत कम करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Abdullah Azam को बड़ी राहत, दो पासपोर्ट मामले में 7 साल की सजा रद्द








