Breaking News
Home » नई दिल्ली » पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा, खेल करियर की ईर्ष्या बनी हत्या की वजह

पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा, खेल करियर की ईर्ष्या बनी हत्या की वजह

Chirag tyagi: अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में गाजियाबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और खेल करियर को लेकर पैदा हुई ईर्ष्या मुख्य कारण थी।

30 मई को हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 30 मई को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित साईं उपवन में चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान यश खटीक, गगन त्यागी और अभय उर्फ अभिनव के नाम सामने आए। पुलिस ने 1 जून को यश खटीक और गगन त्यागी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी अभय की तलाश जारी है।

Chirag tyagi: एशियन गेम्स में चयन से बढ़ी थी नाराजगी

पुलिस पूछताछ में आरोपी यश खटीक ने बताया कि वह और चिराग त्यागी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 400 मीटर पैरा एथलेटिक्स की प्रैक्टिस करते थे। यश का आरोप है कि उसकी मेडिकल रिपोर्ट जर्मनी भेजी जानी थी, लेकिन चिराग की वजह से उसका खेल करियर प्रभावित हुआ और वह चयन प्रक्रिया से बाहर हो गया। यश ने पुलिस को बताया कि चिराग लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहा था, जिससे उसके मन में हीन भावना और नाराजगी बढ़ती गई। इसी दौरान उसने अपने साथी गगन त्यागी के साथ मिलकर चिराग की हत्या की साजिश रची।

Chirag tyagi: ऐसे बनाई गई हत्या की योजना

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत अभय उर्फ अभिनव ने यश को पिस्टल उपलब्ध कराई थी। आरोपी ने बताया कि 29 मई को चिराग बेंगलुरु से ट्रायल देकर लौटा था। अगले दिन 30 मई की सुबह वह और चिराग दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से कैब के जरिए गाजियाबाद के साईं उपवन पहुंचे। यश के अनुसार, पहले से तय योजना के तहत उसने एक सुनसान स्थान पर पीछे से चिराग के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही चिराग जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हत्या की साजिश में शामिल तीसरे आरोपी अभय उर्फ अभिनव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

डीसीपी ने क्या कहा?

Chirag tyagi: इस पूरे मामले को लेकर गाजियाबाद के डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

ये भी पढ़े: ‘नालायक औलादों को समझा लो, वरना सबक सिखाएंगे’, सूर्या हत्याकांड पर सीएम योगी की सख्त चेतावनी