World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध जैव विविधता देश की सबसे बड़ी धरोहरों में से एक है और इसे सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जैव विविधता पर जताया गर्व
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के विविध पारिस्थितिक तंत्र न केवल लाखों जीव-जंतुओं का आश्रय हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका का भी आधार हैं। उन्होंने ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, हिम तेंदुआ, स्लॉथ बियर और चीतों के संरक्षण कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगातार प्रयासों और प्रतिबद्धता से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
World Environment Day: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना
प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने हर वर्ष लगभग 1.19 लाख हेक्टेयर वन क्षेत्र बढ़ाने में योगदान दिया है और लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य किया है।
हरित आवरण और वन्यजीव संरक्षण में उपलब्धियां
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में केंद्र सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी है। हरित आवरण के विस्तार, वन्यजीवों की बढ़ती संख्या और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान, नवाचार और जनसहभागिता के माध्यम से भारत ने पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया है।
World Environment Day: मिशन लाइफ के जरिए हरित भविष्य का संकल्प
प्रधानमंत्री ने ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के माध्यम से भारत स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने भी किया आह्वान
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर लोगों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज लिए गए फैसले आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को निर्धारित करेंगे। स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
World Environment Day: जनभागीदारी से बनेगा हरित भारत
विश्व पर्यावरण दिवस पर केंद्र सरकार का संदेश स्पष्ट रहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। सामूहिक प्रयास, जागरूकता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता से ही एक विकसित, स्वच्छ और टिकाऊ भारत का निर्माण संभव होगा।
ये भी पढ़े… ट्रंप का चीन पर बड़ा दावा: AI की रेस में अमेरिका मीलों आगे, डेटा सुरक्षा का नहीं डर








