Iran Israel Missile Attack: ईरान ने एक बार फिर इजरायल को निशाना बनाते हुए बड़ा मिसाइल हमला किया है। रविवार देर रात ईरान की ओर से इजरायल पर कई मिसाइलें दागी गईं। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि हमला काफी बड़े स्तर पर किया गया और बड़ी संख्या में मिसाइलें छोड़ी गईं। इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक क्षेत्र के आसमान में भी कई मिसाइलें दिखाई दीं।
गौरतलब है कि पिछले लगभग दो महीनों से दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम लागू था। ऐसे में सीजफायर के दौरान इजरायल पर ईरान का यह पहला बड़ा हमला माना जा रहा है। यह हमला उस समय हुआ जब इजरायल ने हाल ही में बेरूत में हवाई कार्रवाई की थी।
बेरूत एयर स्ट्राइक के बाद बढ़ा विवाद
ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका था कि यदि लेबनान पर हमला किया गया तो वह प्रतिक्रिया देगा। रविवार को इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।इसी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागीं। हालांकि अब तक किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Iran Israel Missile Attack: इजरायली सेना ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इजरायली सेना (IDF) ने जानकारी देते हुए कहा कि उसने ईरान से इजरायल की तरफ आने वाली मिसाइलों का पता लगा लिया था। सेना के अनुसार, खतरे को रोकने के लिए उसकी रक्षा प्रणालियां सक्रिय कर दी गई थीं।इजरायली सेना का दावा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई सभी मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक लिया। इसके साथ ही इजरायल ने ईरान को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
क्या मध्य पूर्व में फिर भड़क सकता है युद्ध?
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सीजफायर के बावजूद हुए इस हमले के बाद आशंका जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष दोबारा तेज हो सकता है।हालांकि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी घटनाक्रम पर करीबी निगाह बनाए हुए है।
ट्रंप ने नेतन्याहू से की बातचीत
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमले नहीं रुके तो युद्धविराम से जुड़ी संभावित डील प्रभावित हो सकती है।
इजरायली ब्रॉडकास्टर चैनल 12 से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “मैं नेतन्याहू को फोन कर उनसे कहूंगा कि वे कोई जवाबी हमला न करें। दोनों पक्ष अपनी-अपनी कार्रवाई कर चुके हैं। इजरायल ने हमला किया और ईरान ने भी जवाब दिया। अब आगे और हमलों की जरूरत नहीं है।”बाद में अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत भी हुई।








