Home » बिहार » बिहार में भीषण गर्मी में बाहर सो रहे लोगों पर चढ़ा बेकाबू ट्रैक्टर, 7 गंभीर घायल

बिहार में भीषण गर्मी में बाहर सो रहे लोगों पर चढ़ा बेकाबू ट्रैक्टर, 7 गंभीर घायल

Bihar news: बिहार के सारण  जिले के मशरख नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तख्त दलित टोला में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे सो रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली नहीं होने से घर के बाहर सो रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक, तख्त दलित टोला में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित थी। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए कई लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे और नाले के ऊपर बने हिस्से पर सो रहे थे। इसी दौरान पानापुर के रसौली गांव के एक टेंट हाउस का ट्रैक्टर तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और चालक नियंत्रण खो बैठा।

Bihar news: सोए लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया ट्रैक्टर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घुमावदार सड़क पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंदता चला गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर कुछ दूरी पर जाकर रुका, लेकिन अंधेरे और भगदड़ का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया।

Bihar news:  चेयरमैन ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना के तुरंत बाद उसी रास्ते से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरख पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, जांच शुरू

सूचना मिलने पर मशरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ये लोग हुए घायल

Bihar news: हादसे में घायल होने वालों में 5 वर्षीय माही कुमारी, 70 वर्षीय गुलपति देवी, 70 वर्षीय कादित देवी, 17 वर्षीय राजा ठाकुर, 20 वर्षीय काजल देवी, 25 वर्षीय पवन ठाकुर और 28 वर्षीय लव कुश ठाकुर शामिल हैं। सभी घायल तख्त दलित टोला के निवासी हैं और उनका इलाज जारी है।

 

 

ये भी पढ़े: इश्क से बदलेगा देश! पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, CJP पर भी साधा निशाना