MP RAJYA SABHA NEWS: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। कांग्रेस विधायकों को संभावित तौर पर कर्नाटक भेजे जाने की चर्चाओं के बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (Umang Singhar) ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कुछ विधायक भी क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।
कांग्रेस विधायक पूरी तरह एकजुट: सिंघार
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन और लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को एक कांग्रेस शासित राज्य में भेज रही है, जो चुनावी रणनीति का सामान्य हिस्सा है।
MP RAJYA SABHA NEWS: बीजेपी पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
सिंघार ने कहा कि इससे पहले महाराष्ट्र में भी भाजपा अपने विधायकों को राज्य से बाहर लेकर गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता कांग्रेस विधायकों से संपर्क साधने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी।
62 से ज्यादा वोट मिलने का दावा
नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास जताते हुए कहा कि 18 जून को होने वाले मतदान में कांग्रेस उम्मीदवार को 62 से अधिक वोट मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कुछ विधायक भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं, जिससे चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।
MP RAJYA SABHA NEWS: ‘यह सिर्फ राज्यसभा चुनाव नहीं’
सिंघार ने कहा कि यह चुनाव केवल राज्यसभा सीट जीतने का मामला नहीं है, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने वाला राजनीतिक संकेत भी है। उनके मुताबिक यह चुनाव कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
बीजेपी की सोच पर सवाल
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर महिला विरोधी सोच रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में जिस तरह की रणनीति अपनाई है, उससे उसके राजनीतिक इरादे स्पष्ट होते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेता कांग्रेस विधायकों के घरों तक पहुंच रहे हैं और उन्हें प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
MP RAJYA SABHA NEWS: ‘झोला लेकर पहुंचे, खाली लौटे’
सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग झोला लेकर कांग्रेस विधायकों के घर पहुंचे, लेकिन कांग्रेस विधायक उन्हें भरे हुए झोले के साथ वापस भेज रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस के सभी विधायक पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं और मतदान से पहले वापस लौटकर पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में वोट देंगे।
18 जून को होगा मतदान
मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। भाजपा ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने एक उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में क्रॉस वोटिंग और विधायकों की घेराबंदी को लेकर चर्चाओं ने चुनाव को और रोचक बना दिया है।
ये भी पढ़े… PM मोदी के 12 साल में देश कितना बदला? जयशंकर ने गिनाईं एक-एक उपलब्धि








