WI vs SL: तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को हराकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। कप्तान शाई होप की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मेजबान टीम ने 148 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।
WI vs SL: शै होप ने खेली मैच जिताऊ पारी-
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को कप्तान शाई होप ने मजबूत शुरुआत दिलाई। होप ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल रहे। अंत तक क्रीज पर टिके रहकर उन्होंने टीम को जीत तक पहुंचाया।
WI vs SL:ब्रैंडन किंग बने चेज़ मास्टर-
शै होप का साथ सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग ने बखूबी निभाया। किंग ने सिर्फ 22 गेंदों में 37 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हालांकि, सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर 37 रन के निजी स्कोर पर किंग आउट हो गए। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर 17 रन और रोस्टन चेज़ 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अंत में रोवमैन पॉवेल 10 रन बनाकर नाबाद रहे और होप के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।
WI vs SL:होल्डर और जोसेफ की घातक गेंदबाजी-
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी। शुरुआती ओवरों में श्रीलंका ने संभलकर बल्लेबाजी की और 43 रन तक कोई विकेट नहीं गंवाया था।
इसके बाद जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पथुम निसांका को 18 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसी स्कोर पर होल्डर ने लसिथ क्रूसपुल्ले को भी पवेलियन भेज दिया। 49 रन के स्कोर पर श्रीलंका ने पवन रत्नायके के रूप में तीसरा विकेट गंवा दिया, जिसके बाद टीम की पारी लड़खड़ा गई।
WI vs SL:मेंडिस और शनाका ने संभाली पारी
लगातार विकेट गिरने के बाद कुसल मेंडिस और दासुन शनाका ने श्रीलंका की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कुसल मेंडिस ने 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं दासुन शनाका ने 22 रन का योगदान दिया। हालांकि दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी फिर से लड़खड़ा गई और टीम 147 रन तक ही पहुंच सकी।
यह भी पढ़ें-CM योगी का बड़ा बयान बोले- ‘मोदी युग में बदली भारत और यूपी की तस्वीर’








