Delhi Flight: लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान में बम की धमकी की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान को उड़ान भरने से रोक दिया और व्यापक जांच शुरू की। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला और बाद में यह धमकी महज अफवाह साबित हुई। घटना के कारण उड़ान में देरी हुई, जबकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए।
शौचालय में मिले संदेश से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में लगभग 180 यात्री सवार थे। विमान सुबह 10:45 बजे उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान चालक दल के सदस्यों को विमान के एक शौचालय में रखे टिश्यू पेपर पर “बम” लिखा हुआ मिला। सूचना मिलते ही विमान को तुरंत एप्रन पर रोक दिया गया और उसे उड़ान की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा एजेंसियों और हवाई अड्डा प्रशासन ने तय प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू कर दी।
Delhi Flight: सुरक्षा एजेंसियों ने की गहन जांच
धमकी की सूचना के बाद विमान और उसके आसपास के क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली गई। सुरक्षा अधिकारियों ने यात्रियों और विमान से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की। कई चरणों में चली जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक, संदिग्ध सामग्री या सुरक्षा खतरा नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक झूठी धमकी थी और यात्रियों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं था।
यात्रियों को दिए गए रिफ्रेशमेंट और अपडेट
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा संबंधी सूचना मिलने के बाद सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। एयरलाइन ने जांच में पूरा सहयोग किया। यात्रियों को हुई असुविधा को कम करने के लिए रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराए गए और समय-समय पर आवश्यक जानकारी दी गई। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
ये भी पढ़ें… 12वीं पास छात्र बना IIT कानपुर का इंजीनियर, CBSE पोर्टल की खामियां उजागर कर बटोरी थी सुर्खियां








