Home » मध्य प्रदेश » ग्वालियर में दर्दनाक हिट एंड रन: तेज रफ्तार अर्टिगा ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो मासूम भाइयों की मौत

ग्वालियर में दर्दनाक हिट एंड रन: तेज रफ्तार अर्टिगा ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो मासूम भाइयों की मौत

Mp accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिजौली थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी पर सवार लोग कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे।

होटल से खाना खाकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक गणेशपुरा निवासी एक परिवार होटल से खाना खाने के बाद स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान बिजौली थाना क्षेत्र के बड़ागांव इलाके में हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार चालक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान उसने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

Mp accident: टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर मच गई चीख-पुकार

हादसे में स्कूटी पर सवार रवि राजे, नरेंद्र सिंह, अजय सिंह और दो मासूम बच्चे निशांत राजे व गर्वित राजे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 5 वर्षीय निशांत राजे और 6 वर्षीय गर्वित राजे को डॉक्टर बचा नहीं सके। दोनों मासूम बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

तीन घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल रवि राजे, नरेंद्र सिंह और अजय सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Mp accident: सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार अर्टिगा कार की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में टक्कर के बाद लोग हवा में उछलते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य इतना भयावह है कि देखने वालों की रूह कांप जाए।

आरोपी चालक गिरफ्तार, परिजनों ने किया चक्काजाम

पुलिस ने घटना के बाद तत्काल घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश नंबर की अर्टिगा कार और उसके चालक को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं दो मासूम बच्चों की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की तैयारी

Mp accident: एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

 

 

ये भी पढ़े: 12वीं पास छात्र बना IIT कानपुर का इंजीनियर, CBSE पोर्टल की खामियां उजागर कर बटोरी थी सुर्खियां