Home » Foreign Affairs » 2026 FIFA World Cup में इतिहास रचेगा Curaçao, महज 1.7 लाख आबादी वाला देश

2026 FIFA World Cup में इतिहास रचेगा Curaçao, महज 1.7 लाख आबादी वाला देश

2026 FIFA: फुटबॉल की दुनिया में 2026 फीफा वर्ल्ड कप कई नए इतिहासों का गवाह बनने जा रहा है। इनमें सबसे खास कहानी कैरेबियाई द्वीपीय देश कुरासाओ (Curaçao) की है, जिसने पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महज 1.7 लाख की आबादी वाला यह देश अब तक वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वाला सबसे छोटा देश बन गया है।

कहां स्थित है Curaçao?

कुरासाओ दक्षिणी कैरेबियाई सागर में स्थित एक खूबसूरत द्वीपीय देश है। यह वेनेजुएला के उत्तर में लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और नीदरलैंड्स के साम्राज्य का स्वायत्त हिस्सा है। इसकी राजधानी विलेमस्टाड है, जो अपनी रंग-बिरंगी इमारतों और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। कुरासाओ, अरूबा और बोनेयर के साथ मिलकर ABC Islands समूह का हिस्सा बनाता है। देश का कुल क्षेत्रफल सिर्फ 444 वर्ग किलोमीटर है, जबकि आबादी लगभग 1.7 लाख है।

2026 FIFA: संतरे से बनने वाली खास ड्रिंक के लिए भी मशहूर

कुरासाओ सिर्फ अपने खूबसूरत समुद्री तटों के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में लोकप्रिय ‘कुरासाओ लिक्योर’ के लिए भी जाना जाता है। यह खास पेय स्थानीय लाराहा नामक खट्टे फल के सूखे छिलकों से तैयार किया जाता है। वर्ष 2010 में लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद कुरासाओ को नीदरलैंड्स के साम्राज्य के भीतर स्वायत्त देश का दर्जा मिला था।

2026 FIFA: यहां हिंदू और मुस्लिम आबादी लगभग बराबर

धार्मिक दृष्टि से कुरासाओ में ईसाई समुदाय बहुसंख्यक है। अधिकांश आबादी ईसाई धर्म का पालन करती है। इसके अलावा हिंदू, मुस्लिम, यहूदी और बौद्ध समुदाय भी यहां रहते हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश में हिंदू और मुस्लिम समुदाय की संख्या लगभग बराबर है। दोनों समुदायों के करीब 340-340 अनुयायी हैं। वहीं बौद्ध और यहूदी समुदाय के लोग भी यहां निवास करते हैं।

पहली बार World Cup में बनाई जगह

कुरासाओ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया। इस उपलब्धि के साथ उसने सबसे छोटे वर्ल्ड कप क्वालिफायर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। 2026 फीफा वर्ल्ड कप में कुरासाओ को ग्रुप-ई में रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत जर्मनी के खिलाफ करेगी। इसके बाद उसका सामना इक्वाडोर और आइवरी कोस्ट जैसी मजबूत टीमों से होगा।

छोटे देश का बड़ा सपना

2026 FIFA: सीमित संसाधनों और छोटी आबादी के बावजूद फीफा वर्ल्ड कप तक पहुंचना कुरासाओ के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। पूरे देश में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। अब दुनिया की नजर इस बात पर होगी कि फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर यह छोटा सा देश कितना बड़ा कमाल दिखा पाता है।

 

 

ये भी पढ़े: 12वीं पास छात्र बना IIT कानपुर का इंजीनियर, CBSE पोर्टल की खामियां उजागर कर बटोरी थी सुर्खियां