Yoga Day News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह (Kirti Vardhan Singh) ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दूतावास और (आईसीसीआर) के सहयोग से किया गया।
भारतीय समुदाय और ताजिक नागरिकों ने लिया हिस्सा
विदेश राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि योग सत्र में भारतीय समुदाय के सदस्यों, ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ समूह और ताजिकिस्तान के बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर योग के लाभों को अनुभव किया।
Yoga Day News: योग केवल व्यायाम नहीं, जीवनशैली है
कीर्ति वर्धन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत की यह प्राचीन परंपरा आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और कल्याण का संदेश दे रही है।
‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है इस वर्ष की थीम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि नियमित योगाभ्यास के माध्यम से बढ़ती उम्र में भी शरीर को सक्रिय, स्वस्थ और मानसिक रूप से संतुलित रखा जा सकता है। इस थीम की घोषणा केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से की गई थी। इसकी जानकारी आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव (Prataprao Ganpatrao Jadhav) ने खजुराहो में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी थी।
Yoga Day News: कोलकाता में होगा मुख्य राष्ट्रीय आयोजन
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम Kolkata में आयोजित किया जाएगा। यहां लगभग 40 हजार लोगों के एक साथ योगाभ्यास करने की योजना है। आयोजन के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
दुनिया में शांति और स्वास्थ्य का संदेश
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो विश्वभर में शांति, स्वास्थ्य और मानव एकता को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। ताजिकिस्तान में आयोजित यह विशेष सत्र भी भारत और मध्य एशिया के देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े… ‘किसी से भी हारो, पाकिस्तान से नहीं’- जेमिमा रोड्रिग्स का बयान हुआ वायरल








