ALIGARH NEWS: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने सियासी गलियारों से लेकर आम जनता के बीच भूचाल ला दिया है। युवती की गुमशुदगी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। भाजपा सांसद सतीश गौतम का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वायरल ऑडियो में जिसमें भाजपा सांसद सतीश गौतम एक लाचार और रोते हुए पिता को ‘धमकाने’ के लहजे में बात करते सुनाई दे रहे हैं। मामला एक मासूम बिटिया के गायब होने से जुड़ा । हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित पिता पर दबाव बनाने का आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो के अंश किसी फिल्मी ड्रामा से कम नहीं हैं। एक तरफ सत्ता की हनक है, तो दूसरी तरफ एक बेबस पिता की रुआँसी आवाज़। सांसद की कड़क आवाज़: आवाज आ रही है… रजाई ओढ़कर सो रहे हो? तुम चंडौस गए थे, मेरे पास क्या हुआ? दूसरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई? तुम लड़की देख रहे हो या अपने लिए गुंडा पाल रहे हो? वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सांसद पीड़ित पिता से नामजद रिपोर्ट वापस लेने और बेटी की बरामदगी को लेकर दबाव बनाते सुनाई दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पिता बार-बार अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाता सुनाई देता है और कहता है कि उसे किसी से कोई मतलब नहीं, सिर्फ अपनी बेटी चाहिए।
सांसद का जातिगत तंज: पहले मेरी बात सुनो, तुम्हारी लड़की बरामदगी के लिए बोल दिया है। किसी प्रधानी के चक्कर में मत पड़ो। गांव में अकेले वामन (ब्राह्मण) का घर है, जाटन (जाटों) से पिटना चाह रहे हो क्या? वो संजय दलाल बहुत बड़ा माफिया है, वो तुम्हें यूज़ कर रहा है। अभी थाने जाओ और कहो कि मेरा किसी से मतलब नहीं है।
ALIGARH NEWS: गांव की गुमशुदगी का मामला बना राजनीतिक विवाद
जानकारी के अनुसार मामला इगलास थाना क्षेत्र के सहारा गांव का है, जहां एक गरीब ब्राह्मण परिवार की बेटी कई दिनों से लापता है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इसी के बाद सांसद और पीड़ित पिता के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया।
ऑडियो में जातीय और राजनीतिक संदर्भ की भी चर्चा
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सांसद यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि किसी के बहकावे में आकर रिपोर्ट दर्ज नहीं करानी चाहिए और यदि मामला प्रेम प्रसंग का है तो रिपोर्ट वापस लेने पर विचार करना चाहिए। ऑडियो में गांव की राजनीति और जातीय समीकरणों का भी उल्लेख होने का दावा किया जा रहा है, जिससे विवाद और गहरा गया है।
ALIGARH NEWS: भाजपा ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला ने वायरल ऑडियो को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि सांसद स्वयं युवती की बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं और कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए पीड़ित परिवार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गांव के प्रधान ने सांसद पर उठाए सवाल
सहारा गांव के प्रधान संजय कुमार ने सांसद के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक गरीब परिवार अपनी बेटी की तलाश में परेशान है, लेकिन उसे न्याय दिलाने के बजाय दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बातचीत के दौरान सांसद के पास मौजूद व्यक्ति स्वयं मामले में नामजद आरोपी है।
ALIGARH NEWS: पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश के लिए कई टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार वायरल ऑडियो की भी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ऑडियो असली है या नहीं और उसमें किए गए दावे कितने सही हैं। फिलहाल पूरे मामले ने अलीगढ़ की राजनीति के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े… अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पहली बार सुबह 4 बजे दौड़ेगी कोलकाता मेट्रो, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा








