Penchvalley Express Fire: नैनपुर से इंदौर जाने वाली पेंचवैली एक्सप्रेस ट्रेन के B2 एसी कोच में बुधवार सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के साथ ही पूरे कोच में धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को तुरंत रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस कोच में करीब 72 यात्री सफर कर रहे थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
इटारसी से पहले हुई घटना
यह घटना इटारसी से पहले स्थित पोला पत्थर स्टेशन के पास हुई। गाड़ी संख्या 19344 पेंचवैली एक्सप्रेस भोपाल की ओर जा रही थी। B2 एसी कोच पूरी तरह भरा हुआ था और अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक धुआं फैलने लगा, जिससे कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसी पैनल से धुआं निकल रहा था। स्थिति को देखते हुए तुरंत चेन खींचकर ट्रेन को रोका गया।

धुएं से मची अफरा-तफरी
यात्रियों ने बताया कि एसी पैनल में आग लगने के बाद उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही देर में कोच धुएं से भर गया। फायर अलार्म बजने लगे और कोच की लाइटें बार-बार बंद और चालू होने लगीं। इस वजह से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। कई लोग जल्दबाजी में अपना सामान तक छोड़कर ट्रेन से बाहर निकल आए।
रेलवे टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरे कोच की जांच की और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी।हादसे के बाद B2 कोच में मौजूद सभी यात्रियों को दूसरे आसपास के कोचों में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों ने वहीं से अपना आगे का सफर जारी रखा।
यह भी पढ़े- चांद से टकराएगा SpaceX का Falcon-9 रॉकेट का मलबा, वैज्ञानिकों की नजर इस ऐतिहासिक घटना पर








