MP NEWS: मध्य प्रदेश के रीवा शहर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने वार्ड क्रमांक-5 स्थित पदमधर कॉलोनी के लालता सदन पहुंचकर चर्चित ठेकेदार कृष्णकांत सोहगौरा और सौरभ सोहगौरा के आवास पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
4 से 5 सदस्यीय टीम ने शुरू की जांच
सूत्रों के अनुसार ईडी की 4 से 5 सदस्यीय टीम सुबह ही मौके पर पहुंची और घर के भीतर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी। टीम वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी।
MP NEWS: भाजपा नेता के भाई बताए जाते हैं कृष्णकांत
जानकारी के मुताबिक कृष्णकांत सोहगौरा रीवा के चर्चित ठेकेदारों में शामिल हैं। उन्हें भाजपा नेता प्रदीप सोहगौरा का भाई बताया जाता है। ईडी की कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई।
ईडी ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी
फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और उससे जुड़े तथ्यों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
MP NEWS: प्रदीप सोहगौरा ने ईडी पर लगाए आरोप
भाजपा नेता प्रदीप सोहगौरा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि ईडी को इस कार्रवाई में कुछ भी नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे लोगों के यहां छापेमारी से कोई नतीजा नहीं निकलता और ईडी की सजा दिलाने की दर बेहद कम है। उन्होंने एजेंसी पर रिश्वत लेकर मामलों को दबाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
हाल ही में कई राज्यों में भी हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले ईडी की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करनाल, दिल्ली और गोवा सहित 11 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। वह कार्रवाई बैंक धोखाधड़ी और करीब 155 करोड़ रुपये के वित्तीय नुकसान से जुड़े मामले में की गई थी।
MP NEWS: कार्रवाई के कारणों पर बनी हुई है नजर
रीवा में चल रही इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ईडी की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान: “15 दिन रुकिए, SIT करेगी दूध का दूध, पानी का पानी”








