Home » Breaking News » राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान: “15 दिन रुकिए, SIT करेगी दूध का दूध, पानी का पानी”

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान: “15 दिन रुकिए, SIT करेगी दूध का दूध, पानी का पानी”

RAM MANDIR: राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा है कि जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है और “दूध का दूध, पानी का पानी” करके रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जांच पूरी होने तक बयानबाजी से बचने की अपील

अयोध्या दौरे के दौरान 245 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी पक्षों से अपील की कि जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचें। उन्होंने कहा कि जिसके पास भी कोई दस्तावेजी साक्ष्य हो, वह उसे सीधे एसआईटी को सौंपे ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।

RAM MANDIR: ’15 दिन इंतजार कीजिए, सच्चाई सामने आ जाएगी’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रामभक्तों ने भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण के लिए 500 वर्षों तक धैर्य और मर्यादा के साथ संघर्ष किया है। उन्होंने लोगों से संयम रखने की अपील करते हुए कहा, “15 दिन और इंतजार कर लीजिए, चिंता करने की जरूरत नहीं है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।”

विपक्ष पर बोला तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों और कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए जाने जाते थे, वे आज रामभक्ति और अयोध्या के सम्मान की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल कभी नहीं चाहते थे कि अयोध्या को वैश्विक पहचान मिले और आज भी उसकी उपलब्धियों से परेशान हैं।

RAM MANDIR: कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना

सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले और राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले लोग आज रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो नेता पहले अयोध्या आने से बचते थे, वे अब रामभक्ति के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं।

अयोध्या के विकास का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज दुनिया के प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों में अपनी नई पहचान बना रही है। सोलर सिटी, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, चौड़ी सड़कें और परिक्रमा मार्ग जैसी परियोजनाएं इसकी नई तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष दुष्प्रचार के जरिए अयोध्या की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।

RAM MANDIR: 245 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 245 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का उद्घाटन किया और वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के सम्मान तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

ये भी पढ़े… विधायक गए, पार्टी गई, सिंबल गया… अब सांसद भी! उद्धव ठाकरे की सबसे बड़ी राजनीतिक अग्निपरीक्षा