BIHAR ENCOUNTER NEWS: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित पुलिस एनकाउंटर में युवक भरत भूषण तिवारी की मौत का मामला अब सियासी मुद्दा बन गया है। इस घटना को लेकर जहां ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, वहीं सत्ता पक्ष के नेताओं ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर दी है।
संजय झा बोले- वीडियो से पैदा हो रहे हैं गंभीर सवाल
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि घटना से जुड़ा जो वीडियो सामने आया है, उससे पूरे मामले पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि चार पुलिसकर्मियों का निलंबन पर्याप्त नहीं है। पूरे मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “जब सरकार अपराधियों को नहीं छोड़ती तो पुलिसकर्मी भी दोषी पाए जाएं तो उन्हें नहीं बचाया जाना चाहिए।”
BIHAR ENCOUNTER NEWS: मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी उठाए सवाल
बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यदि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसने अपना हथियार भी फेंक दिया था, तो फिर पुलिस ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई, इसकी गहन जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक बुधवार को भरत भूषण तिवारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली लगने से घायल युवक को पहले आरा सदर अस्पताल और फिर पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
BIHAR ENCOUNTER NEWS: ग्रामीणों का आरोप- आत्मसमर्पण के बाद मारी गोली
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि भरत भूषण तिवारी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और उसने आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उसे गोली मार दी।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने पूरे घटनाक्रम से जुड़े अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… India Birth Rate: हम दो, हमारा एक की राह पर भारत? क्या आने वाले दिनों में घटने वाली है भारत की जनसंख्या?








