UP News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पेन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद जैसे ही आजम खान रामपुर जेल से बाहर आए, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब ईडी की इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा ने आजम खान की ओर से यह याचिका दायर की है।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। आजम खान के खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों में देश के कई जाने-माने वकील उनकी पैरवी कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट से लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट तक अलग-अलग मामलों में वरिष्ठ अधिवक्ताओं की टीम आजम खान का पक्ष रख रही है। इनमें कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी और पी. चिदंबरम जैसे बड़े नाम शामिल हैं। आइए जानते हैं कि आजम खान के किन मामलों में कौन से वकील पैरवी कर रहे हैं।
ये दिग्गज वकील कर रहे पैरवी
इमरान उल्लाह
उत्तर प्रदेश के पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल इमरान उल्लाह आजम खान के प्रमुख वकीलों में शामिल हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट में आजम खान से जुड़े कई मामलों की पैरवी वह करते रहे हैं। सपा सरकार के कार्यकाल में उन्हें एडिशनल एडवोकेट जनरल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हाल ही में जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात करने पहुंचे थे, तब इमरान उल्लाह भी उनके साथ मौजूद थे।
कपिल सिब्बल
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल भी आजम खान के कई महत्वपूर्ण मामलों में उनका पक्ष रख रहे हैं। साल 2022 में सुप्रीम कोर्ट में उनकी पैरवी के बाद आजम खान को जेल से अंतरिम जमानत मिली थी। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में भी कपिल सिब्बल आजम खान की ओर से पैरवी कर रहे हैं। खास बात यह है कि आजम खान की सिफारिश पर ही समाजवादी पार्टी ने कपिल सिब्बल को राज्यसभा भेजा था।
अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी भी अब आजम खान के कानूनी मामलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पेन कार्ड से जुड़े मामले में उन्होंने इलाहाबाद हाई कोर्ट में आजम खान की ओर से दलीलें पेश की थीं। उनकी पैरवी के बाद हाई कोर्ट ने आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को राहत दी थी। इस फैसले के बाद आजम खान को जेल से बाहर आने का रास्ता मिला। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भी सिंघवी आजम खान के कुछ अन्य महत्वपूर्ण मामलों में पैरवी कर सकते हैं।
एनआई जाफरी
इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एनआई जाफरी भी आजम खान की कानूनी टीम का हिस्सा हैं। पेन कार्ड मामले में वह अभिषेक मनु सिंघवी के साथ अदालत में पेश हुए थे और आजम खान की ओर से अपना पक्ष रखा था।
पी. चिदंबरम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम भी आजम खान के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट में पेश हो चुके हैं। साल 2023 में आजम खान की विधानसभा सदस्यता से जुड़े मामले में चिदंबरम ने उनकी ओर से पैरवी की थी। हालांकि, इसके बाद वह आजम खान के किसी अन्य मामले में पेश नहीं हुए हैं।
निजाम पाशा
वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा इस समय आजम खान के ईडी से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसके अलावा भी वह पहले कई मामलों में आजम खान की ओर से सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुके हैं।
UP News: आजम खान पर कितने आपराधिक मामले दर्ज हैं?
आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या भी काफी अधिक है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के हालिया फैसले में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, उनके खिलाफ कुल 93 आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें से 81 मामले अभी भी अलग-अलग अदालतों में लंबित हैं। वहीं, कुछ मामलों में आजम खान को अदालत से बरी किया जा चुका है, जबकि दो मामलों में उन्हें सजा भी सुनाई गई है। जानकारी के मुताबिक, दो अन्य मामलों में उन्हें दो-दो साल की सजा हुई है।
आजम खान लड़ पाएंगे चुनाव?
आजम खान की चुनावी राजनीति में वापसी भी उनके कानूनी मामलों के फैसलों पर निर्भर करेगी। पेन कार्ड मामले में उनके खिलाफ आए फैसले पर फिलहाल रोक नहीं लगी है। इसके अलावा सजा से जुड़े अन्य मामलों का असर भी उनकी चुनाव लड़ने की पात्रता पर पड़ सकता है। ऐसे में आजम खान के लिए सुप्रीम कोर्ट से मिलने वाली राहत बेहद अहम मानी जा रही है। अब सभी की नजरें ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर होने वाली सुनवाई और अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े… सस्पेंशन को लेकर चर्चा में आए ACP मनस्वी वशिष्ठ कौन हैं?








