Delhi news: राजधानी दिल्ली के जैतपुर इलाके से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 2 साल के मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 19 जून को जैतपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर स्थित लखपत कॉलोनी पार्ट-2 से घरेलू हिंसा की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़िता आरती ने पुलिस को बताया कि उसका पति चंदन शर्मा शराब और नशे का आदी है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में 2 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
Delhi news: आरोपी पति गिरफ्तार
बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Delhi news: दिल्ली में पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले भी दिल्ली में घरेलू विवाद से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी। कैलाश नगर इलाके में एक पति ने अपनी पत्नी रुखसार की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और वारदात के बाद फरार हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खालिद नवी घटना के तुरंत बाद घर छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। हालांकि आरोपी पुलिस से बचने के लिए किसी भी डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया।
बढ़ रही हैं घरेलू हिंसा की घटनाएं
Delhi news: दिल्ली में लगातार सामने आ रहे घरेलू हिंसा के मामलों ने एक बार फिर परिवारों के भीतर बढ़ते तनाव और हिंसक प्रवृत्तियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नशे की लत और पारिवारिक विवाद अक्सर ऐसी दुखद घटनाओं को जन्म देते हैं, जिनका सबसे बड़ा खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए बड़ा कदम, अब QR Code से होगा दान








