Indore news: मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई करीब 2.5 करोड़ रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने सिर्फ 48 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि उसी शोरूम में काम करने वाले एक कर्मचारी ने की थी। आरोपी ने न केवल लाखों रुपये के एप्पल iPhone चुराए, बल्कि मालिक के केबिन में बने मंदिर में रखे कीमती धार्मिक आभूषणों पर भी हाथ साफ कर दिया।
17 जून को दर्ज हुई थी शिकायत
यह मामला इंदौर के एबी रोड स्थित पटेल मोटर्स शोरूम का है। 17 जून को शोरूम प्रबंधन ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि यहां से बड़ी संख्या में महंगे एप्पल iPhone और मंदिर में रखे कीमती सामान चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू कर दी।
Indore news: CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस ने शोरूम के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान शक शोरूम में हाउसकीपिंग का काम करने वाले 19 वर्षीय तलक्की बोरसरी पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।
Indore news: मंदिर को भी नहीं छोड़ा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शोरूम में रखे महंगे एप्पल iPhone चोरी किए थे। इसके बाद मालिक के केबिन में बने मंदिर से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और चांदी के सिक्के भी चुरा लिए। आरोपी ने चोरी का सामान अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा था।
2.5 करोड़ रुपये का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए एप्पल iPhone, सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, चांदी के सिक्के और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहा है या नहीं।
क्या बोले DCP अमन सिंह राठौर?
Indore news: इंदौर के डीसीपी अमन सिंह राठौर ने बताया कि 17 जून को पटेल मोटर्स के मैनेजर ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान एक सफाई कर्मचारी पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने मंदिर से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और अन्य कीमती सामान भी चोरी किया था। पुलिस ने लगभग पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया है।
ये भी पढ़ें: चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए बड़ा कदम, अब QR Code से होगा दान








