Uttarakhand news: उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। परिवार में नई कार आने की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई। हल्द्वानी से नई कार खरीदकर घर लौट रहे एक परिवार की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में आग लग गई, जिससे दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
नई कार खरीदकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना निवासी बलदेव कुमार (36) अपने परिवार के साथ हल्द्वानी से नई कार खरीदकर घर लौट रहे थे। कार को डीडीहाट निवासी राजेंद्र कुमार (48) चला रहे थे। रास्ते में चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में बंटोली के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया।
Uttarakhand news: 100 मीटर गहरी खाई में गिरते ही लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। नीचे गिरते ही वाहन में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार दो लोग बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Uttarakhand news: पत्नी और दोनों बेटों की बची जान
हादसे के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठीं बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (35) और उनके दो बेटे अद्वित (8) व आरव (5) झटके के दौरान वाहन से बाहर जा गिरे। घायल होने के बावजूद तीनों की जान बच गई। स्थानीय लोगों और राहत दल ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस, SDRF और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे की जांच के आदेश
Uttarakhand news: चंपावत के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिर नई कार अचानक कैसे अनियंत्रित हुई और हादसे की असली वजह क्या थी।
ये भी पढ़ें: चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए बड़ा कदम, अब QR Code से होगा दान








