MP Yoga Mahasangam: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में हुआ, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक शामिल हुए।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह गैरिसन ग्राउंड पहुंचीं। उनके साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने दी योग दिवस की शुभकामनाएं
जबलपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, इंदर सिंह परमार, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिक सहित कई सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।
योग दिवस के मौके पर इंदौर ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। शहर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में हजारों लोगों ने लगातार तीन मिनट से अधिक समय तक भ्रामरी प्राणायाम किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन ने लोगों को योग के प्रति जागरूक रहने और नियमित अभ्यास करने का संदेश दिया।आयोजकों के अनुसार यह उपलब्धि सामूहिक भागीदारी और योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।

भोपाल में स्टेडियम से लेकर बड़े तालाब तक योग
राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की थी।वहीं, बड़े तालाब में भी अनोखे तरीके से योग शिविर आयोजित किया गया। तालाब की लहरों के बीच प्रतिभागियों ने योगासन और प्राणायाम कर स्वास्थ्य और प्रकृति के बीच संतुलन का संदेश दिया। इस विशेष आयोजन ने लोगों का खास ध्यान आकर्षित किया।
MP Yoga Mahasangam: झाबुआ में जिला स्तरीय आयोजन
झाबुआ के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कलेक्टर, एसपी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
शाजापुर के उत्कृष्ट विद्यालय हाई सेकेंडरी ग्राउंड में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण भीमावद रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योग किया।
श्योपुर में प्रभारी मंत्री ने दिया संदेश
श्योपुर में नगर पालिका के शिवपुरी रोड स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला शामिल हुए।उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को स्वस्थ और निरोग रहने के लिए प्रतिदिन योग और प्राणायाम करना चाहिए। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक शक्ति व एकाग्रता भी बढ़ती है।कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक दिनेश साहू और श्याम बाबू स्वर्णकार ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।
ग्वालियर में सैकड़ों लोगों ने किया योग
ग्वालियर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।सैकड़ों नागरिकों ने योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
उज्जैन में सुना मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन
उज्जैन के दशहरा मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, नगर निगम सभापति कलावती यादव, कलेक्टर, एसपी और कई अधिकारी मौजूद रहे।’स्वस्थ आयु के लिए योग’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाइव संबोधन भी सुना गया। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी की।
नर्मदापुरम में योग कार्यक्रम का भव्य दृश्य ड्रोन कैमरे में कैद हुआ। जिले के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची के स्तूप परिसर में भी जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल शामिल हुए।
रतलाम में मंत्री ने कुर्सी पर बैठकर किया योग
रतलाम के नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप मुख्य रूप से शामिल हुए। नीचे बैठने में असुविधा होने के कारण उन्होंने कुर्सी पर बैठकर योगाभ्यास किया।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भाग लिया। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

राजगढ़ में कार्यक्रम के बाद गिरा टेंट
राजगढ़ में योग कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर लगा टेंट गिर गया।उस समय मंत्री नारायण सिंह, कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद थे। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं मिली। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और बड़ा हादसा टल गया।
बुरहानपुर में ताप्ती नदी के राजघाट पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल, कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी आशुतोष बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थी शामिल हुए।योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
टीकमगढ़ में नजरबाग मैदान पर योग
टीकमगढ़ के नजरबाग मैदान में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मुख्य अतिथि रहे। एसपी मनोहर मंडलोई सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में लोगों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
नर्मदापुरम में मां नर्मदा के पवित्र सेठानी घाट पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी सांई कृष्णा एस. थोटा, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
करीब 400 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। पचमढ़ी में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करता है।
बैतूल में हेमंत खंडेलवाल ने किया योग
बैतूल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य जिला स्तरीय आयोजन अभिन्दन सरोवर के पास स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में हुआ, जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने योगाभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मध्य प्रदेश के शहरों, कस्बों और गांवों में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित योग और प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया गया।








