Toxic Release Date: कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चल रही सभी अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। लंबे समय से इसकी रिलीज डेट को लेकर चर्चा चल रही थी और कुछ रिपोर्ट्स में तो फिल्म बंद होने तक की बात कही गई थी। लेकिन अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नया पोस्टर जारी, यश के दो अवतार
रविवार को निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर रिलीज करते हुए आधिकारिक घोषणा की। पोस्टर में यश दो अलग-अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं, जिन्हें ‘राया’ और ‘टिकट’ बताया जा रहा है। इस नए लुक ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि पोस्टर और विजुअल्स देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एक गंभीर और रहस्यमयी कहानी पर आधारित होगी। फिल्म में यश के साथ कई बड़े सितारे भी नजर आएंगे, जिनमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया शामिल हैं।

बॉक्स ऑफिस के लिहाज से रणनीतिक रिलीज
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए अगस्त 2026 का समय चुना है, जिसे बॉक्स ऑफिस के लिए काफी फायदेमंद माना जा रहा है। इस दौरान ओणम, ईद और रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार पड़ते हैं, जिससे सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
इस फिल्म की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। शुरुआत में इसे 19 मार्च 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन उस समय इसका मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होने वाला था। बाद में इसे 4 जून 2026 के लिए शिफ्ट किया गया, लेकिन फिर एक बार तारीख आगे बढ़ा दी गई।

Toxic Release Date: पहली बार साथ आएंगे यश और गीता मोहनदास
यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीता मोहनदास और यश पहली बार साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और यश की प्रोडक्शन कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है।‘टॉक्सिक’ को कन्नड़, हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु, तमिल और मलयालम समेत छह भाषाओं में 26 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें…‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में आलिया भट्ट और समय रैना की मजेदार नोकझोंक, दर्शकों को पसंद आया अंदाज








