Home » राष्ट्रीय » जदयू राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के निर्वाचन का किया अनुमोदन

जदयू राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के निर्वाचन का किया अनुमोदन

Nitish Kumar

Nitish Kumar: पटना में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, नेतृत्व को सशक्त करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार के निर्वाचन का अनुमोदन किया गया, वहीं बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद पर उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और राज्य परिषद के सदस्यों ने भाग लिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार को मिली मंजूरी

बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद ने नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्वाचन का औपचारिक अनुमोदन कर दिया है। राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि मुख्यमंत्री पद छोड़कर सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण कर उन्होंने राजनीतिक शुचिता, विश्वास और सहयोग का उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रस्ताव में वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

Nitish Kumar: संगठन विस्तार और युवाओं को जोड़ने पर विशेष फोकस

बैठक में संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए बताया गया कि पार्टी की सदस्य संख्या एक करोड़ से अधिक हो चुकी है। नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने, प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा जिला स्तर पर सामाजिक माध्यम प्रकोष्ठ को अधिक सक्रिय बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही युवाओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

विकास, सुशासन और भविष्य के नेतृत्व पर चर्चा

राजनीतिक प्रस्ताव में रोजगार सृजन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को नीतीश कुमार मॉडल की प्रमुख उपलब्धियां बताया गया। राष्ट्रीय परिषद ने पार्टी की संपत्तियों और ट्रस्ट संबंधी निर्णयों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष को अधिकृत किया तथा संविधान संशोधन के अधिकार भी प्रदान किए। बैठक में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पार्टी का भविष्य बताते हुए कहा कि वह आने वाले वर्षों में एक सक्षम नेतृत्व के रूप में उभर सकते हैं। ललन सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। नेताओं ने विश्वास जताया कि बिहार में सुशासन और विकास की नीति को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार आगे बढ़ाती रहेगी।

ये भी पढ़ें…यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट फाइनल, नए पोस्टर ने बढ़ाया क्रेज