Lucknow fire: राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। एक इमारत में लगी आग में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह इमारत एक लाइब्रेरी और कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के रूप में संचालित थी।
राजनाथ सिंह ने जताया गहरा दुख, तुरंत लखनऊ रवाना होने का ऐलान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे “बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना” बताया। उन्होंने कहा “मुझे लखनऊ में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना की जानकारी मिली है, जिसमें कई लोगों की जान गई है। यह अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की है और वे स्थिति का जायजा लेने के लिए तुरंत लखनऊ रवाना हो रहे हैं।
Lucknow fire: सीएम योगी आदित्यनाथ ने दौरा बीच में छोड़ा, लौटे लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर तुरंत संज्ञान लिया। वह अलीगढ़ के दौरे पर थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “लखनऊ में आग की एक दुखद घटना हुई है, जिसमें कुछ बच्चों की मौत हुई है। यह अत्यंत पीड़ादायक है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन मुझे तुरंत लखनऊ लौटना जरूरी है।”
Lucknow fire: जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने डीजीपी और प्रमुख सचिव (गृह) को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा, “हम इस घटना की गहराई से जांच करेंगे और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
केजीएमयू में घायलों से मिले मुख्यमंत्री
Lucknow fire: लखनऊ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया। यह दर्दनाक हादसा पूरे प्रदेश को शोक में डुबो गया है, जबकि प्रशासन राहत और जांच कार्यों में तेजी से जुटा हुआ है।
ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र








