Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु सरकार ने नवजात बच्चों के लिए एक अनोखी योजना शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री C Joseph Vijay के नेतृत्व में राज्य में ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना लागू की जाएगी। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले हर बच्चे को 1 ग्राम सोने की अंगूठी उपहार के रूप में दी जाएगी।
सरकार निभाएगी ‘मामा’ की भूमिका
तमिल संस्कृति में बच्चे के जन्म पर मामा द्वारा उपहार देने की परंपरा को “थाईमामन सीर” कहा जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने फैसला किया है कि अब वह खुद नवजात बच्चों के लिए ‘मामा’ की भूमिका निभाएगी और जन्म के मौके पर सोने की अंगूठी भेंट करेगी। मौजूदा बाजार कीमत के हिसाब से 1 ग्राम सोने की अंगूठी की कीमत करीब 13,600 रुपये बताई जा रही है।
Tamil Nadu Gold Ring Scheme: 15 सितंबर से होगी योजना की शुरुआत
सरकारी आदेश के मुताबिक योजना की औपचारिक शुरुआत 15 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री C. N. Annadurai की जयंती पर की जाएगी। हालांकि इसे 22 जून से प्रभावी माना गया है। योजना के संचालन और निगरानी के लिए राज्य सरकार एक विशेष प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट का गठन करेगी, जो पूरे कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी।
Tamil Nadu Gold Ring Scheme: हर साल 4 लाख से ज्यादा बच्चों को मिलेगा लाभ
तमिलनाडु में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें से लगभग 4.2 लाख डिलीवरी सरकारी अस्पतालों में होती हैं। इसी को देखते हुए सरकार ने इस योजना के लिए सालाना करीब 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
सरकारी अस्पतालों को बढ़ावा देने की कोशिश
सरकार का मानना है कि इस योजना से अधिक लोग सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए प्रेरित होंगे। आंकड़ों के अनुसार सरकारी अस्पताल में एक डिलीवरी का औसत खर्च करीब 1,364 रुपये है, जबकि निजी अस्पतालों में यह खर्च 63 हजार रुपये से अधिक पहुंच जाता है।
किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का फायदा केवल तमिलनाडु के स्थायी निवासियों को मिलेगा। इसके लिए माता-पिता को आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी या अन्य मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना में बच्चे के लिंग या जन्म क्रम के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। यानी पहला बच्चा हो या तीसरा, बेटा हो या बेटी, सभी को समान लाभ मिलेगा।
दूसरे राज्यों के लिए बन सकती है मिसाल
Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु सरकार की यह योजना सिर्फ एक सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को जोड़ने की एक कोशिश है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में देश के अन्य राज्य भी इसी तरह की योजनाओं पर विचार कर सकते हैं।
ये भी पढ़े: PM मोदी को ईरान से मिला, अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण








