Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया है। पुणे ग्रामीण पुलिस का दावा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई एक सोची-समझी साजिश थी। मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या की योजना कई हफ्ते पहले ही तैयार कर ली थी।
31 मई को की गई थी लोकेशन की रेकी
पुणे ग्रामीण के एसपी Sandeep Gill ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 31 मई को आरोपी कपल लोनावला स्थित Lohagad Fort पहुंचा था। केतन अग्रवाल को ट्रेकिंग का शौक था और इसी वजह से उसे वहां बुलाना आसान था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने पहाड़ी से धक्का देकर हत्या करने की योजना पर गंभीरता से विचार करना शुरू किया।
Ketan Agarwal Murder Case: 4 जून को भी बनाया गया था प्लान
जांच में यह भी सामने आया है कि 4 जून को आरोपियों ने दोबारा लोहगढ़ किले जाने की योजना बनाई थी। पुलिस का मानना है कि उस दिन भी हत्या की कोशिश की जानी थी, लेकिन किसी कारणवश उनका प्लान सफल नहीं हो सका। इसी दौरान पासपोर्ट गुम होने से जुड़ी एक घटना भी सामने आई थी, जिसकी जांच की जा रही है।
Ketan Agarwal Murder Case: 14 जून को पहली कोशिश, लेकिन बच गया केतन
पुलिस के अनुसार, 14 जून को आरोपियों ने केतन अग्रवाल को उसी स्थान पर ले जाकर नीचे धकेलने की कोशिश की थी। हालांकि यह प्रयास असफल रहा।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कोशिश के बाद भी केतन को अपने साथ मौजूद लोगों पर कोई शक नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूरी घटना को इस तरह पेश किया कि केतन को किसी साजिश का अंदेशा ही नहीं हुआ।
18 जून को दिया गया वारदात को अंजाम
14 जून की नाकाम कोशिश के बाद आरोपियों ने दोबारा योजना बनाई। जांच के मुताबिक, 18 जून को आरोपी चेतन चौधरी मौके पर पहुंचा और उसी तय स्थान से केतन अग्रवाल को नीचे धक्का दे दिया। गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित हत्या मानते हुए सभी सबूतों को जोड़ रही है।
नवंबर में होनी थी शादी
25 वर्षीय केतन अग्रवाल महाराष्ट्र की प्रमुख वेयरहाउस निर्माण कंपनियों में शामिल ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर था। इसी साल फरवरी में उसकी सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी नवंबर में तय थी। शादी के लिए उदयपुर में होटल तक बुक हो चुका था। हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि सिया गोयल कथित तौर पर चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध में थी। बताया जा रहा है कि अग्रवाल परिवार को इस रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस जांच जारी
Ketan Agarwal Murder Case: पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर यह मामला प्रेम संबंध, धोखे और सुनियोजित हत्या की कहानी के रूप में उभरकर सामने आया है। आने वाले दिनों में जांच से और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: पान-गुटखा के दाग रोकने के लिए रेलवे का नया प्रयोग, लेकिन क्या 5 लाख की ‘जर्मन तकनीक’ बदल पाएगी लोगों की आदत?








