Mp news: मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंच पर लगे पोस्टरों ने पार्टी को असहज स्थिति में ला दिया। मीडिया को संबोधित करने के लिए लगाए गए राहुल गांधी के पोस्टरों में ऐसी गलतियां सामने आईं कि चर्चा शिक्षा जैसे गंभीर मुद्दों से हटकर पोस्टरों पर आ गई।
राहुल गांधी के पोस्टर में उल्टा दिखा संविधान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के मंच के पीछे लगे एक बड़े पोस्टर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संविधान की प्रति उल्टी पकड़े हुए दिखाई दिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों और मीडिया की नजर जैसे ही इस पोस्टर पर पड़ी, इसे लेकर सवाल उठने लगे। देखते ही देखते यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
Mp news: दूसरे पोस्टर पर नजर आए केक के निशान
विवाद सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहा। मंच पर लगे दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी के चेहरे पर केक के निशान भी दिखाई दिए। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में उनके जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने पोस्टर पर प्रतीकात्मक रूप से केक लगाया था। बाद में पोस्टर को साफ नहीं कराया गया और उसी हालत में उसे प्रेस वार्ता के मंच पर लगा दिया गया।
Mp news: शिक्षा व्यवस्था पर थी प्रेस वार्ता, लेकिन चर्चा पोस्टरों की होने लगी
कांग्रेस ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस “देश की शिक्षा व्यवस्था ICU में” और “छात्रों की गूंज” जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित की थी। पार्टी शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े सवाल उठाना चाहती थी, लेकिन मंच पर लगी इन चूकों के कारण पूरा फोकस पोस्टरों पर चला गया।
जिला अध्यक्ष ने बताया प्रिंटिंग की गलती
मामले पर सफाई देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि पोस्टर में संविधान का उल्टा दिखना महज प्रिंटिंग की गलती है। उनके अनुसार, बैनर लगाने के दौरान जल्दबाजी में किसी का इस ओर ध्यान नहीं गया। उन्होंने कहा कि संगठन की ऐसी कोई मंशा नहीं थी और इस त्रुटि को जल्द ठीक कर दिया जाएगा।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुई चूक
Mp news: प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष गगन यादव के अलावा स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद थे। इतने बड़े आयोजन में मंच पर हुई इस लापरवाही को लेकर अब सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
ये भी पढ़े: दिल्ली मुंडका फैक्ट्री हादसा, सेप्टिक टैंक में उतरे 3 मजदूरों की जहरीली गैस से मौत








