Lucknow Encounter: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज शनिवार सुबह यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरा कैनाल रोड पर हुआ, जहां STF की टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान संजय ने STF टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था संजय
STF के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव लखनऊ के चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि यह हत्या पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, इस हत्या के लिए करीब 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस हत्याकांड में पुलिस कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य शूटर संजय लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस आयुक्त की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार सुबह STF को उसकी लोकेशन मिलने के बाद ऑपरेशन चलाया गया और मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया।
![]()
Lucknow Encounter: कई संगीन मामलों में वांछित
अंबेडकरनगर जिले के कोदार गांव का रहने वाला संजय उर्फ संजीव हत्या समेत कई संगीन मामलों में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि संजय के संबंध अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग से थे। वह इन गैंगों के साथ मिलकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका था और लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था। संदीप सिंह हत्याकांड के कथित मास्टरमाइंड दिनेश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव के एनकाउंटर के बाद STF का दावा है कि इस चर्चित हत्याकांड के सबसे अहम आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई पूरी हो गई है।








