Home » Breaking News » BRICS 2026 की अध्यक्षता में भारत का बड़ा प्लान! PM मोदी बोले- ऊर्जा क्षेत्र में ग्लोबल साउथ होगा सबसे बड़ी प्राथमिकता

BRICS 2026 की अध्यक्षता में भारत का बड़ा प्लान! PM मोदी बोले- ऊर्जा क्षेत्र में ग्लोबल साउथ होगा सबसे बड़ी प्राथमिकता

PM MODI SANDESH: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2026 में ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता के दौरान भारत सुरक्षित, मजबूत, न्यायसंगत और टिकाऊ वैश्विक ऊर्जा भविष्य के केंद्र में ग्लोबल साउथ को रखने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा केवल प्रभावी घरेलू नीतियों से नहीं, बल्कि मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी से भी सुनिश्चित होती है।

खट्टर के लेख को पीएम ने किया साझा

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का लेख साझा करते हुए कहा कि भारत की प्राथमिकता उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर वैश्विक सहयोग से ही मजबूत ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है।

PM MODI SANDESH: ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर

अपने लेख में मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि दुनिया का ऊर्जा क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में विकासशील देशों के लिए आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन के बीच सामंजस्य बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग और नवाचार बेहद जरूरी हैं। भारत BRICS अध्यक्षता के दौरान इस दिशा में ठोस पहल करेगा।

स्वच्छ ऊर्जा और नई तकनीकों पर रहेगा फोकस

उन्होंने बताया कि भारत ऊर्जा उपलब्धता, स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन, नई तकनीकों और नवाचार के क्षेत्रों में BRICS देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने का प्रयास करेगा। उनका कहना था कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं की साझेदारी वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों का प्रभावी समाधान बन सकती है।

PM MODI SANDESH: गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता में भारत की बड़ी उपलब्धि

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भारत बिजली की पहुंच बढ़ाने और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है। उन्होंने बताया कि भारत अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDC) लक्ष्य से पहले ही कुल स्थापित बिजली क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल कर चुका है।

ग्रीन हाइड्रोजन और डिजिटल तकनीक पर जोर

उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत कोयला गैसीकरण, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहा है। वहीं स्मार्ट मीटर और इंडिया एनर्जी स्टैक जैसी डिजिटल तकनीकें बिजली क्षेत्र के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभा रही हैं।

PM MODI SANDESH: ग्लोबल साउथ के लिए साझा ऊर्जा मॉडल

खट्टर ने कहा कि BRICS देशों की अलग-अलग क्षमताएं एक-दूसरे की पूरक हैं। यदि सदस्य देश मिलकर काम करें तो सुरक्षित, लचीली और टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के जरिए BRICS देश ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने और ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ये भी पढ़े… एआई सीक्रेट्स पर चीन की नजर! अमेरिका ने आर्थिक जासूसी, साइबर ऑपरेशन को लेकर दी चेतावनी