US -Israel News: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका की मध्यस्थता में इजरायल और लेबनान के बीच हुए फ्रेमवर्क समझौते को दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता संघर्ष को समाप्त करने के साथ भविष्य में व्यापक शांति समझौते का मार्ग प्रशस्त करेगा।
‘इजरायल मजबूत, ईरान और हिज्बुल्लाह कमजोर होंगे’
यरूशलम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने कहा कि यह समझौता इजरायल और लेबनान दोनों को मजबूत करेगा, जबकि ईरान और हिज्बुल्लाह जैसे संगठनों को कमजोर करेगा। उन्होंने इसे क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत बताया।
US -Israel News: सुरक्षा जोन बनाए रखने का अधिकार
नेतन्याहू के अनुसार, समझौते के तहत अमेरिका और लेबनान ने दक्षिणी लेबनान में इजरायल के सुरक्षा जोन बनाए रखने के अधिकार को मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि जब तक इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती और हिज्बुल्लाह सहित अन्य सशस्त्र संगठन हथियार नहीं छोड़ देते, तब तक इजरायली सेना सुरक्षा जोन में तैनात रहेगी।
हिज्बुल्लाह के खिलाफ पायलट प्रोग्राम
प्रधानमंत्री ने बताया कि सुरक्षा जोन की उत्तरी सीमा के पास दो क्षेत्रों में एक पायलट प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य हिज्बुल्लाह के सैन्य ढांचे को समाप्त करना और संबंधित क्षेत्रों का नियंत्रण लेबनानी सेना को सौंपना है।
US -Israel News: 9,000 से अधिक लड़ाके मारने का दावा
नेतन्याहू ने दावा किया कि युद्ध शुरू होने के बाद से इजरायल ने 9,000 से अधिक हिज्बुल्लाह लड़ाकों को मार गिराया है और संगठन के लगभग 90 प्रतिशत मिसाइल एवं रॉकेट भंडार को नष्ट कर दिया है।
अमेरिका ने भी समझौते की पुष्टि की
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि इजरायल और लेबनान स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक फ्रेमवर्क समझौते पर सहमत हो गए हैं। वॉशिंगटन में राजदूत स्तर की वार्ता के बाद हुए इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच नाजुक युद्धविराम को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
US -Israel News: लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय स्थिरता पर जोर
समझौते के तहत लेबनान की संप्रभुता को मजबूत करने, हिज्बुल्लाह के सैन्य ढांचे को समाप्त करने और सुरक्षा स्थिति सामान्य होने पर इजरायली सेना को अंतरराष्ट्रीय सीमा तक वापस लाने की रूपरेखा तय की गई है। अमेरिका ने इसे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
ये भी पढ़े… ऑपरेशन अमिस्ताद: भारतीय वायु सेना ने वेनेजुएला में पहुंचाई राहत सामग्री और फील्ड हॉस्पिटल टीम








