Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, तत्काल सुनवाई से किया साफ इनकार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, तत्काल सुनवाई से किया साफ इनकार

SUPREME COURT NEWS: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। हालांकि शीर्ष अदालत ने तत्काल सुनवाई की मांग खारिज करते हुए कहा कि कोर्ट खुलने के बाद नियमित प्रक्रिया के तहत मामले की सुनवाई की जाएगी। अब इस याचिका पर 12 जुलाई के बाद सुनवाई होने की संभावना है।

एफआईआर और सीबीआई जांच की मांग

अधिवक्ता अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव की ओर से दायर याचिका में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एफआईआर दर्ज करने तथा सीबीआई की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की गई है।

SUPREME COURT NEWS: एसआईटी की कार्रवाई पर उठाए सवाल

याचिका में आरोप लगाया गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने बिना एफआईआर दर्ज किए ही जांच शुरू कर दी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि 13 जून को गठित एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप दी, जबकि किसी आपराधिक मामले का औपचारिक पंजीकरण नहीं किया गया।

सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताई

याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि मामले के आरोप बेहद गंभीर हैं और प्रशासन का रवैया कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो सबूतों से छेड़छाड़ की संभावना बनी रहेगी। हालांकि अदालत ने कहा कि तत्काल सुनवाई के लिए पर्याप्त आधार प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।

SUPREME COURT NEWS: चंपत राय का बयान दर्ज

इस बीच, सूत्रों के अनुसार जांच के तहत श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान पुलिस ने दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रस्ट के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिनमें अनिल मिश्रा भी शामिल हैं, के बयान भी जांच के दौरान दर्ज किए जाएंगे।

ये भी पढ़े… डॉक्टर से बने IPS, फिर कहलाए ‘यूपी के सिंघम’… जानिए IPS अजय पाल शर्मा की सफलता की कहानी