Home » उत्तर प्रदेश » Champat Rai Statement: 3 घंटे की पूछताछ के बाद चंपत राय का बड़ा बयान, पल्ला झाड़ते बोले- मेरी कोई भूमिका नहीं, टिन्नू यादव ने गलत किया

Champat Rai Statement: 3 घंटे की पूछताछ के बाद चंपत राय का बड़ा बयान, पल्ला झाड़ते बोले- मेरी कोई भूमिका नहीं, टिन्नू यादव ने गलत किया

Champat Rai Statement: 3 घंटे की पूछताछ के बाद चंपत राय का बड़ा बयान, पल्ला झाड़ते बोले- मेरी कोई भूमिका नहीं, टिन्नू यादव ने गलत किया

Champat Rai Statement: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी के कथित मामले में जांच अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से पहली बार करीब तीन घंटे तक लंबी पूछताछ की। इस दौरान उनके बयान दर्ज किए गए और चढ़ावा प्रबंधन, प्रशासनिक व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्ति, निगरानी तंत्र तथा शिकायतों के निस्तारण से जुड़े कई अहम सवाल पूछे गए। अधिकारियों का मानना है कि इस पूछताछ के बाद जांच को नई दिशा मिल सकती है।पूछताछ के दौरान चंपत राय ने चढ़ावा चोरी के मामले में अपनी किसी भी भूमिका से साफ इनकार किया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने जांच अधिकारियों से कहा कि इस पूरे मामले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है। उनका कहना था कि जैसे ही उन्हें टिन्नू यादव की कथित गतिविधियों की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़वाया और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कराई।चंपत राय ने यह भी कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने की थी और उन्होंने उसी के अनुरूप कार्य किया। उन्होंने दावा किया कि टिन्नू यादव लंबे समय से मंदिर व्यवस्था से जुड़ा हुआ था और उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि वह इस तरह की हरकत करेगा। पूछताछ के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि जरूरतमंद लोगों को काम पर रखने का फैसला ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों की सहमति से लिया जाता था और इस प्रक्रिया में अनिल तथा गोपाल राव सहित अन्य लोगों की भी भूमिका रही।

दान-पात्र की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के बीच फरवरी 2025 में दान-पात्र की गणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए एक समझौता हुआ था। इस व्यवस्था के तहत दान-पात्र खोलने और उसमें मौजूद राशि की गणना के समय ट्रस्ट और बैंक अधिकारियों की संयुक्त मौजूदगी अनिवार्य की गई थी।इसके अलावा कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड, बैंक अधिकारियों का नियमित रोटेशन, दान राशि का अलग-अलग रिकॉर्ड तैयार करना, क्रमवार गणना और कर्मचारियों की रैंडम तलाशी जैसी व्यवस्थाएं भी तय की गई थीं। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन नियमों का कई स्तरों पर पूरी तरह पालन नहीं किया गया, जिससे निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Champat Rai Statement: निगरानी तंत्र की भूमिका भी जांच के दायरे में

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अब केवल आरोपियों की भूमिका ही नहीं, बल्कि पूरी निगरानी प्रणाली की भी जांच कर रही हैं। इसी क्रम में संबंधित अधिकारी आरएमओ अर्जुन देव के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही हुई और किन कारणों से इतनी बड़ी घटना संभव हो सकी।

Champat Rai Statement: आरोपियों की संपत्ति और बैंक खातों की भी हो रही पड़ताल

SIT अब गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की भी बारीकी से जांच कर रही है। जांच एजेंसियों ने सभी आरोपियों से पिछले तीन वर्षों के दौरान अर्जित चल और अचल संपत्तियों का पूरा विवरण मांगा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवधि में उन्होंने कितनी जमीन खरीदी, मकान बनवाए, आभूषण खरीदे या अन्य बड़े निवेश किए।सूत्रों के अनुसार, आरोपी लवकुश ने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदकर वहां तीन मंजिला आलीशान मकान बनवाया है, जिसकी लागत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। वहीं आरोपी अनुकल्प की संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच जारी है।

टिन्नू यादव की बैंक डिटेल खंगाल रही SIT

जांच एजेंसियों ने मुख्य आरोपी माने जा रहे टिन्नू यादव के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल शुरू कर दी है। उसके पास से कुछ आभूषण जब्त किए गए हैं और अब यह पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर चोरी की गई रकम का इस्तेमाल किन-किन माध्यमों से किया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।राम मंदिर चढ़ावा चोरी का यह मामला अब केवल चोरी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि मंदिर की वित्तीय व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी व्यापक जांच का विषय बन चुका है। SIT लगातार साक्ष्य जुटाने, बैंक रिकॉर्ड खंगालने और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।

 

ये भी पढ़े….. SIR विवाद पर INDIA गठबंधन का बड़ा कदम, 23 दलों ने CJI सूर्यकांत को भेजा संयुक्त पत्र