Belgium: बेल्जियम के एंटवर्प शहर में मंगलवार को एक 10 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।
आठवीं मंजिल से शुरू हुई आग
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 9:53 बजे एंटवर्प के लिंकेरोएवर इलाके में स्थित अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया।
Belgium: 200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस ने बताया कि इस इमारत में 200 से अधिक लोग रहते हैं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ पूरी बिल्डिंग को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
Belgium: आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत और बचाव दल अब भी इमारत की तलाशी में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा हुआ है या नहीं।
दोपहर तक आग पर नहीं पाया जा सका था काबू
अग्निशमन विभाग की प्रवक्ता मैरी डी क्लर्क ने बताया कि दोपहर तक भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी। उन्होंने कहा कि आग बुझाने का काम लगातार जारी है और घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
मेडिकल टीम और अतिरिक्त फायर ब्रिगेड तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल इमरजेंसी सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है। वासलैंड, केम्पेन, रैंड और रिविएरेनलैंड समेत आसपास के इलाकों से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं, ताकि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके।
दूर-दूर तक दिखाई दिया काला धुआं
Belgium: घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में इमारत की ऊपरी मंजिलों से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। पूरे इलाके को पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घेर लिया है। वहीं, कई लोग अपने परिजनों की जानकारी के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: WhatsApp के नए Username फीचर पर सरकार सख्त, Meta को भेजा नोटिस; कहा- फ्रॉड बढ़ा तो कंपनी होगी जिम्मेदार








