Mp news: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कृषि सेवा केंद्र की आड़ में इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बड़ी संख्या में नकली 500 रुपये के नोट, प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
कृषि सेवा केंद्र पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, नलखेड़ा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित पवार कृषि सेवा केंद्र में नकली नोट बनाए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारा। कार्रवाई के दौरान नरेंद्र सिंह सौंधिया और शुभम सोलंकी को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उनके पास से 500-500 रुपये के 115 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 57,500 रुपये है।
Mp news: यूट्यूब देखकर सीखा नकली नोट बनाना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाना सीखा था। वे पहले असली 500 रुपये के नोट को स्कैन करते थे, फिर रंगीन प्रिंटर से उसकी कॉपी निकालकर कटर की मदद से उसे असली नोट जैसा आकार देते थे। जांच के दौरान कई नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे मिले, जिससे उनके नकली होने की पुष्टि हो गई।
Mp news: प्रिंटर, कटर और अन्य सामान भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकली नोटों के अलावा रंगीन प्रिंटर, कटर और नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। इस पूरे मामले की जानकारी नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव ने दी।
पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
Mp news: पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच इस बात की की जा रही है कि आरोपी अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपा चुके हैं और इस गिरोह में उनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ये भी पढ़े: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, रुक-रुककर बारिश शुरू; तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट








