Home » Foreign Affairs » ‘पाकिस्तान की सबसे बड़ी समस्या भारत नहीं, उसकी अपनी सेना’: सिंगापुर के पूर्व राजनयिक

‘पाकिस्तान की सबसे बड़ी समस्या भारत नहीं, उसकी अपनी सेना’: सिंगापुर के पूर्व राजनयिक

Pakistan News: सिंगापुर के पूर्व वरिष्ठ राजनयिक बिलहारी कौसिकन ने पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि पाकिस्तान आज गंभीर संकट से गुजर रहा है और इसकी सबसे बड़ी वजह भारत नहीं, बल्कि वहां की सेना और राजनीतिक नेतृत्व है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार नहीं होते, तो दुनिया उसे उतनी अहमियत भी नहीं देती।

पत्रकारों से बातचीत में कही बड़ी बात

इंटरनेशनल रिपोर्टिंग फ़ेलोशिप के दौरान पत्रकारों से बातचीत में बिलहारी कौसिकन ने कहा कि पाकिस्तान जिन समस्याओं से जूझ रहा है, उनका कारण बाहरी दुश्मन नहीं बल्कि देश की आंतरिक व्यवस्था है। उनके मुताबिक, पाकिस्तान की असली चुनौती उसकी सेना, राजनीतिक नेतृत्व और कमजोर आर्थिक हालात हैं।

Pakistan news: ‘कूटनीतिक सफलता से नहीं बदलेगी हकीकत’

कौसिकन ने कहा कि हाल के वर्षों में पाकिस्तान ने कुछ कूटनीतिक अवसरों का फायदा जरूर उठाया है। खासकर अमेरिका के साथ रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिशों से उसकी अंतरराष्ट्रीय छवि में कुछ सुधार देखने को मिला है। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि केवल कूटनीतिक उपलब्धियां आम लोगों की आर्थिक परेशानियां दूर नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा, “अमेरिका की नजर में पाकिस्तान की छवि कुछ बेहतर हुई हो सकती है, लेकिन इससे पाकिस्तान के लोगों का पेट नहीं भरता।”

Pakistan news: अमेरिका से रिश्तों पर भी जताई शंका

अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के साथ पाकिस्तान के कथित करीबी संबंधों पर भी कौसिकन ने टिप्पणी की। उनका कहना था कि इससे पाकिस्तान की मूल समस्याएं खत्म नहीं हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका का पाकिस्तान को लेकर नजरिया पूरी तरह बदलने वाला नहीं है और यह मान लेना गलत होगा कि सभी प्रतिबंध या दबाव पूरी तरह खत्म हो जाएंगे।

कौन हैं बिलहारी कौसिकन?

बिलहारी कौसिकन सिंगापुर के अनुभवी राजनयिक रह चुके हैं। वह वर्ष 2010 से 2013 तक सिंगापुर के विदेश मंत्रालय में स्थायी सचिव रहे। इसके अलावा वह नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर से जुड़े मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों और एशियाई भू-राजनीति पर उनकी राय को काफी गंभीरता से लिया जाता है।

पाकिस्तान आर्थिक संकट से जूझ रहा

Pakistan news: गौरतलब है कि पाकिस्तान लंबे समय से आर्थिक संकट, बढ़ती महंगाई, विदेशी कर्ज, बेरोजगारी और राजनीतिक अस्थिरता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में बिलहारी कौसिकन का यह बयान पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति और उसकी विदेश नीति पर नई बहस छेड़ सकता है।

 

ये भी पढ़े: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, रुक-रुककर बारिश शुरू; तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट