Home » हरियाणा » गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ

गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ

Gurugram news: दिल्ली-एनसीआर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। अब साइबर सिटी गुरुग्राम से हिट एंड रन का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गुरुग्राम के सेक्टर-75 में एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

हादसे के बाद मौके से फरार हुए कार सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। टक्कर मारने के बाद चालक ने कार नहीं रोकी और सभी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Gurugram news: तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया नियंत्रण

मामले पर गुरुग्राम पुलिस ने भी बयान जारी किया है। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलेनो कार काफी तेज रफ्तार में थी। अधिक गति के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे खड़े युवकों से जा टकराया। उन्होंने बताया कि घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। जैसे ही उनकी तबीयत में सुधार होगा, उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और उसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टेम्परेरी नंबर प्लेट के आधार पर जांच

Gurugram news: पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल बलेनो कार पर टेम्परेरी नंबर प्लेट T-05 26HR 4262 लगी हुई थी। परिवहन विभाग की मदद से वाहन के मालिक की पहचान की जा रही है। इसके अलावा पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और मामले की जांच जारी है।

 

ये भी पढ़े: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, रुक-रुककर बारिश शुरू; तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट