Khamenei Funeral: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों की अंतिम विदाई की रस्में तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में शुरू हो गई हैं। खामेनेई के साथ उनकी पत्नी, बेटी, दामाद और 14 महीने की पोती के ताबूत भी श्रद्धांजलि के लिए रखे गए हैं। उनकी पोती के छोटे ताबूत के पास तस्वीर भी रखी गई है।
श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हुए राष्ट्रपति
अंतिम श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और सरकार के कई शीर्ष नेता शामिल हुए। श्रद्धांजलि के दौरान राष्ट्रपति पजशकियान भावुक हो गए, जबकि अन्य अधिकारी भी अपने आंसू नहीं रोक सके।
Khamenei Funeral: 9 जुलाई को मशहद में होगा अंतिम संस्कार
अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में 28 फरवरी को खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत हुई थी। 131 दिन बाद 9 जुलाई को उन्हें उनके पैतृक शहर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
Khamenei Funeral: अंतिम संस्कार के लिए अभूतपूर्व तैयारियां
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ईरान सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं के लिए करोड़ों रोटियां तैयार की जा रही हैं, मोबाइल बेकरी स्थापित की गई हैं और गर्मी से राहत के लिए हजारों वाटर स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। इसके अलावा हजारों सुरक्षाकर्मी, एम्बुलेंस, हेलीकॉप्टर, ड्रोन और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं।
30 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अंतिम संस्कार में करीब 30 देशों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि रूस, चीन, भारत और तुर्किये जैसे देशों ने अपने शीर्ष नेताओं की जगह प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है।
अमेरिका-ईरान वार्ता अंतिम संस्कार के बाद
कतर की मध्यस्थता में हुई हालिया बातचीत के बाद दोनों देशों ने संकेत दिए हैं कि खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद अमेरिका और ईरान के बीच अगले दौर की वार्ता आयोजित की जाएगी।








