Ram Mandir Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच में तथ्य सामने आते हैं तो राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को भी जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह इस पूरे मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संपर्क में हैं।
‘जांच पूरी होने दीजिए, सच सामने आएगा’
विनय कटियार ने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम पर अभी अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच कर रही है और जो भी सच्चाई होगी, वह सामने आएगी। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे मामले से अवगत हैं और उन्हें भरोसा है कि उचित कार्रवाई होगी।
Ram Mandir Case: चंपत राय को लेकर कही बड़ी बात
कटियार ने कहा कि जांच के दौरान चंपत राय और गोपाल राव के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप साबित होते हैं तो चंपत राय को भी जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पहले भी उन्होंने चंपत राय को कारसेवकपुरम में रहने और विवादों से दूर रहने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी।
‘राम मंदिर में हुआ जबरदस्त गबन’
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विनय कटियार ने कहा कि मंदिर में चढ़ावे के पैसों का “जबरदस्त गबन” हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
Ram Mandir Case: एसआईटी जांच पर जताया भरोसा
कटियार ने कहा कि एसआईटी एक दिन में जांच पूरी नहीं करती। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में जांच में समय लगता है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही निष्कर्ष निकाला जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी अविनाश उस मूल समूह का हिस्सा नहीं थे और यदि उनके खिलाफ सबूत मिलते हैं तो कार्रवाई में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
बाबरी प्रकरण का भी किया जिक्र
बातचीत के दौरान विनय कटियार ने बाबरी ढांचा विध्वंस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव के बीच लगातार बातचीत होती रही थी और हालात पर नजर रखी जा रही थी। हालांकि उन्होंने दोहराया कि फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण विषय राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच है।
ये भी पढ़े… बांग्लादेश तीस्ता प्रोजेक्ट में चीन की एंट्री पर भारत सतर्क, MEA बोला- घटनाक्रम पर हमारी नजर








