Mumbai Rain Alert: मुंबई में मानसून ने शनिवार को अपना रौद्र रूप दिखाया। इस सीजन के पहले रेड अलर्ट के बीच शहर और उपनगरों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
Mumbai Rain Alert: विक्रोली में सबसे ज्यादा 246.6 मिमी बारिश, भांडुप में बड़ा भूस्खलन-
विक्रोली पश्चिम में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे के बीच 246.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं भांडुप पश्चिम में एलबीएस मार्ग स्थित एक निर्माण स्थल पर करीब 100 फीट लंबा भूस्खलन हुआ, जिसमें एक अस्थायी ट्रक और कई पेड़ दब गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
Mumbai Rain Alert: आज भी रेड अलर्ट, जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह-
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए भी मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
गोवंडी में मकान ढहने से दो लोग घायल-
भारी बारिश के बीच गोवंडी में एक भूतल वाला मकान ढह गया। हादसे में एक पुरुष और एक महिला मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर में शनिवार को मकान और दीवार गिरने की आठ अन्य घटनाएं भी दर्ज की गईं। वहीं मिनाताई फूल बाजार में एक बड़ा पेड़ भी गिर गया।
जलभराव से सड़क और रेल यातायात प्रभावित-
साकी नाका, कुर्ला-काजूपाड़ा रोड, अशोक नगर, छेड़ा नगर, पवई, भांडुप, अंधेरी, विले पार्ले, सांताक्रूज और दहिसर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। नालासोपारा और वसई के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से पश्चिमी रेलवे की सेवाएं 20 से 25 मिनट तक देरी से चलीं, जबकि मध्य रेलवे की सेवाएं सामान्य रहीं। ओवरहेड तार में खराबी के कारण मुंबई मेट्रो लाइन-2ए की सेवाएं भी आंशिक रूप से प्रभावित हुईं। इसके अलावा जलभराव के चलते बीईएसटी ने करीब छह बस रूटों में बदलाव किया।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के बहादुरगढ़ में हांसी हत्याकांड के दो इनामी आरोपियों का एनकाउंटर, एक पुलिसकर्मी घायल








