Home » राष्ट्रीय » देशभर में मानसून का कहर: कई राज्यों में भारी बारिश, महाराष्ट्र में वॉटरफॉल पर 100 टूरिस्ट फंसे, वसई में 20 कारें डूबीं

देशभर में मानसून का कहर: कई राज्यों में भारी बारिश, महाराष्ट्र में वॉटरफॉल पर 100 टूरिस्ट फंसे, वसई में 20 कारें डूबीं

देशभर में मानसून का कहर, कई राज्य बेहाल

Monsoon Update: देश के कई राज्यों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में जलभराव, भूस्खलन और हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। कई जगह लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

रायगढ़ में 100 पर्यटक फंसे

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के जेनिथ वॉटरफॉल में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया, जिससे वहां घूमने पहुंचे करीब 100 पर्यटक बीच में फंस गए। बचाव दल ने रस्सियों की मदद से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं मुंबई में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम के कारण शहर में 64 पेड़ गिर गए और 8 मकानों की दीवारें ढह गईं। घाटकोपर के विक्रांत सर्किल में एक पेड़ कई कारों पर गिर गया। नवी मुंबई में भी तेज हवा के कारण एक पेड़ कार पर गिर गया। आमिर खान के घर के पास भी आंधी के दौरान एक पेड़ गिर गया। इसी दिन आमिर खान अपनी तीसरी शादी कर रहे हैं।

Monsoon Update: देशभर में मानसून का कहर, कई राज्य बेहाल
देशभर में मानसून का कहर, कई राज्य बेहाल

Monsoon Update: पुणे और ठाणे में बारिश का असर

महाराष्ट्र के पुणे के कात्रज इलाके में लगातार बारिश के कारण रविवार सुबह एक रिहायशी सोसाइटी की कंपाउंड वॉल गिर गई। दीवार पार्किंग शेड पर गिरने से 7 कारें और 7 बाइक मलबे में दब गईं। वहीं ठाणे के तलेगांव दाभाडे इलाके में एक पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क के नीचे से तेज़ी से पानी बाहर निकलने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

वसई में सड़कें बनीं नदी

महाराष्ट्र के वसई के नालासोपारा और मधुबन इलाके में भारी बारिश के बाद सड़कें नदी जैसी दिखाई दीं। करीब 5 फीट तक पानी भर जाने से लगभग 20 कारें पानी में डूब गईं। एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया कि एक कार तेज बहाव में करीब 50 मीटर तक बह गई।

गुजरात के जूनागढ़ में भारी बारिश के बाद कई रिहायशी इलाकों में 4-4 फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर नाव चलानी पड़ी। मंगरोल इलाके में बच्चे भरे पानी में नहाते और खेलते नजर आए। भावनगर में एक कार तेज बहाव में बह गई। वहीं अहमदाबाद के वस्त्रल इलाके में भी कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।

हल्द्वानी में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

उत्तराखंड के हल्द्वानी में खराब मौसम के कारण एक निजी कंपनी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के करीब दो मिनट पहले मौसम अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर को एक स्कूल परिसर में सुरक्षित उतार दिया। उस समय परिसर में 10 से 12 बच्चे खेल रहे थे। हेलिकॉप्टर में दो यात्री और एक पायलट मौजूद थे और सभी सुरक्षित हैं।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित केदारघाटी में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से एक जेसीबी और उसके दो कर्मचारी नदी के तेज बहाव में फंस गए। बाद में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन होने से यमुनोत्री नेशनल हाईवे कुछ समय के लिए बंद हो गया, जिसे बाद में खोल दिया गया।

छत्तीसगढ़ में आधे घंटे में 30 मिमी बारिश

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रविवार रात तेज बारिश हुई। रायपुर में केवल आधे घंटे के भीतर 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया। टाटीबंध इलाके में घरों के अंदर घुटनों तक पानी भर गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश में जुलाई की शुरुआत से ही मानसून जमकर बरस रहा है। शनिवार को भोपाल समेत 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश हुई। श्योपुर जिले में बिजली गिरने से एक पिता की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी झुलस गई। वहीं आष्टा के बापचा दोनिया गांव में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग सहित प्रदेश के आधे हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में अगले पांच दिन बारिश

राजस्थान में शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहा। सीकर, सवाई माधोपुर, झालावाड़ सहित कई जिलों में एक इंच तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। जयपुर, कोटा और भरतपुर के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

बिहार में मानसून की रफ्तार अब भी धीमी बनी हुई है। शनिवार को पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। इस मानसून सीजन में अब तक केवल 98.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 207.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब तक 52 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आज 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

देशभर में मानसून का कहर, कई राज्य बेहाल
देशभर में मानसून का कहर, कई राज्य बेहाल

हरियाणा और पंजाब में अलर्ट

हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान केवल हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने रविवार को सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। चंडीगढ़ के 10 जिलों के 31 स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। फिल्लौर, गढ़शंकर, जालंधर-1, बलाचौर, नवांशहर, आनंदपुर साहिब, नंगल और होशियारपुर में मध्यम बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में खतरा

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में ब्यास नदी के आसपास घने बादल और मानसून की धुंध छाई रही। मौसम विभाग ने 6 और 7 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, अचानक बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की चेतावनी दी है। वहीं जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण रामनगर-उधमपुर रोड पर कौघा के पास बड़ा भूस्खलन हुआ। सड़क पर भारी मलबा और बड़े पत्थर आने के कारण रास्ता बंद कर दिया गया।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को उत्तर प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के दो जिलों में रेड अलर्ट और तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। ओडिशा के पांच जिलों में रेड और आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के समुद्र तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें… पाली में दर्दनाक सड़क हादसा: दो ट्रोलों के बीच फंसी कार, गुजरात के मार्बल कारोबारी और ड्राइवर की मौके पर मौत