Maharashtra Heavy Rain: लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और आसपास के मुंबई महानगर क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सड़क और रेल सेवाएं बाधित हैं, जबकि प्रशासन लोगों से बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की अपील कर रहा है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं भी रद्द कर दी हैं। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। आज एलएलएम, एमएससी और एम.कॉम की परीक्षाएं आयोजित होनी थीं।
मुंबई-पुणे मार्ग पर यातायात ठप
लगातार बारिश और कई जगह हुए भूस्खलन के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही अगली सूचना तक रोक दी गई है। प्रशासन ने लोगों से फिलहाल मुंबई और पुणे के बीच किसी भी तरह की यात्रा न करने की अपील की है।
रेल और सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित
भारी बारिश के चलते मुंबई और पुणे के बीच रेल और सड़क दोनों संपर्क प्रभावित हुए हैं। भोर घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन होने के बाद सेंट्रल रेलवे ने एहतियात के तौर पर मुंबई-पुणे के बीच ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक निलंबित कर दी हैं।वहीं, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खोपोली-कुसगांव के ‘मिसिंग लिंक’ में टनल नंबर-2 के एग्जिट के पास हुए भूस्खलन के कारण पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर यातायात डायवर्ट कर दिया गया है।
Maharashtra Heavy Rain: प्रशासन की यात्रा टालने की सलाह
महाराष्ट्र पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से फिलहाल पुणे और मुंबई के बीच यात्रा न करने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण एक्सप्रेसवे, पुराना मुंबई-पुणे हाईवे, ताम्हिणी घाट और मावल क्षेत्र के कई रास्ते प्रभावित हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दे रहा है।
मुंबई-पुणे रेलवे मार्ग पर टनल नंबर-40 (BB EMD) में भूस्खलन होने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन युद्ध स्तर पर मलबा हटाने में जुटा हुआ है और मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारी बारिश के कारण कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है।
मानखुर्द में मकान गिरने से 6 लोगों की मौत
मुंबई के मानखुर्द इलाके में जनता नगर की गली नंबर-5 में बीती रात एक तीन मंजिला मकान ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन मलबा हटाने का काम लगातार कर रहा है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुंबईतील मानखुर्द भागात एक घर कोसळून झालेल्या दुर्घटनेत 6 जणांचा मृत्यू झाल्याच्या घटनेबद्दल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यांनी तीव्र दुःख व्यक्त केले असून मृतांना श्रद्धांजली अर्पण केली आहे. या प्रसंगात त्यांच्या कुटुंबियांच्या दुःखात आम्ही सहभागी आहोत, असेही त्यांनी म्हटले असून…
— CMO Maharashtra (@CMOMaharashtra) July 6, 2026
आज बंद रहेगी डब्बावालों की सेवा
लगातार बारिश के कारण 6 जुलाई को मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावालों की सेवा बंद रहेगी। डब्बावाला संगठन के अध्यक्ष उल्हास मुके ने बताया कि विरार-वसई क्षेत्र में भारी जलभराव के कारण कई डब्बावालों के घरों में पानी भर गया है। कई रेलवे स्टेशन भी जलमग्न हैं।कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संगठन ने एक दिन के लिए सेवा स्थगित करने का फैसला लिया है। ग्राहकों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए संगठन ने बताया कि वेस्टर्न रेलवे की कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, जिससे सेवा प्रभावित होती। 125 वर्षों की परंपरा के बावजूद कर्मचारियों की सुरक्षा को सबसे अधिक महत्व दिया गया है।
कर्जत-खोपोली रेल सेवा बंद
भारी बारिश के कारण तेज पानी के बहाव से कर्जत और खोपोली के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे की गिट्टी बह गई है। इस कारण इस सेक्शन में ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। रेलवे कर्मचारियों ने समय रहते समस्या की पहचान की और सेवाओं को बहाल करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं।पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के ‘कनेक्टिंग लिंक’ और ‘मिसिंग लिंक’ के बीच एक कंक्रीट का खंभा गिरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
Train services between Karjat and Khopoli have been suspended because of the heavy rains and subsequent water flow causing the ballast washout. This was identified by alert staff and resources are being mobilised to restore the section and services. pic.twitter.com/pd3ZKlqlel
— Central Railway (@Central_Railway) July 6, 2026
लोहगढ़ किले के पास भूस्खलन
लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में भूस्खलन होने से एक परिवार फंस गया है। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया है और लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।
यात्रा न करने की अपील
कोल्हापुर रेंज के आईजीपी रंजन कुमार शर्मा ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे फिलहाल पुणे और मुंबई के बीच किसी भी प्रकार की यात्रा न करें और अपने सफर को स्थगित कर दें।मावल और ताम्हिणी घाट क्षेत्र के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इससे पुणे से मुंबई जाने वाले वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हो गए हैं।
कई ट्रेनें रद्द और मार्ग बदले
भारी बारिश के कारण करजत-लोनावला घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ है। इसके चलते सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
सेंट्रल रेलवे की चारों लोकल कॉरिडोर पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मेन लाइन की ट्रेनें लगभग 6 से 8 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि हार्बर लाइन पर लगभग 4 मिनट की देरी है। ट्रांस-हार्बर और उरण-बेलापुर लाइनें तय समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।
Landslide at South East Ghat of Mumbai Division.
Due to incessant heavy rainfall in the South East Ghat section between Karjat and Lonavala, a landslide has occurred between Thakurvadi (TKW) and Monkey Hill Loop Cabin (MHLC) on the Up Main Line (UPML) of Mumbai Division.… pic.twitter.com/A7auekBn9p
— Central Railway (@Central_Railway) July 6, 2026
मिसिंग लिंक पर बड़ा भूस्खलन
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ हिस्से में खंडाला एग्जिट के पास बड़ा भूस्खलन हुआ है। इसके कारण मुंबई जाने वाली लेन पूरी तरह बंद कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मार्ग को जल्द शुरू करने के प्रयास जारी हैं।
रेल मंत्री ने की स्थिति की समीक्षा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में हुए भारी भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर चट्टानें गिरने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बहाली के लिए रेलवे की टीम पूरी तरह तैयार है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पश्चिमी और मध्य रेलवे के अधिकारियों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ट्रेन सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य हो सकें।
पाटन गांव में मकान पर भूस्खलन
पुणे के मावल तालुका के सुदूर गांव पाटन में सोमवार सुबह तड़के एक मकान पर भूस्खलन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आशंका है कि मकान में रहने वाला पूरा परिवार मलबे के नीचे फंसा हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की पुणे स्थित 5वीं बटालियन को मौके पर भेजा गया है। इंस्पेक्टर रविंदर के नेतृत्व और सहायक कमांडेंट चंद्रकेतु शर्मा की निगरानी में 30 सदस्यीय टीम, जिसमें 1 अधिकारी, 2 वरिष्ठ अधिकारी और 27 जवान शामिल हैं, आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ सुबह 5:50 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई।जिला सूचना कार्यालय, पुणे के अनुसार बचाव अभियान लगातार जारी है। फिलहाल किसी भी प्रकार की आधिकारिक जनहानि की पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत; खराब मौसम के कारण 15 फ्लाइट्स डायवर्ट








