Home » अंतर्राष्ट्रीय » 40 मिनट में फूटे 8.5 लाख पटाखे, वॉशिंगटन बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

40 मिनट में फूटे 8.5 लाख पटाखे, वॉशिंगटन बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

US Air Pollution:

US Air Pollution: अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 4 जुलाई को वॉशिंगटन डीसी में 40 मिनट तक रिकॉर्ड स्तर की आतिशबाजी की गई। इस दौरान करीब 8.5 लाख पटाखे छोड़े गए। इसका असर यह हुआ कि कुछ समय के लिए वॉशिंगटन डीसी दुनिया के बड़े शहरों में सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला शहर बन गया।

US Air Pollution: IQAir रैंकिंग में सबसे ऊपर पहुंचा वॉशिंगटन-

ग्लोबल एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म IQAir के मुताबिक, आतिशबाजी के बाद वॉशिंगटन डीसी की एयर क्वालिटी बेहद खराब हो गई। हालांकि रविवार शाम तक प्रदूषण का स्तर कुछ कम हुआ और शहर ग्लोबल एयर क्वालिटी रैंकिंग में 26वें स्थान पर पहुंच गया।

US Air Pollution: कोड रेड एयर क्वालिटी अलर्ट जारी-

खराब हवा को देखते हुए शहर प्रशासन ने कोड रेड एयर क्वालिटी अलर्ट जारी किया। अधिकारियों ने लोगों, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को घर के बाहर कम समय बिताने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ प्रदूषण स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी गंभीर असर डाल सकता है।

‘सिगरेट पीते हुए मैराथन दौड़ने’ जैसी स्थिति-

अधिकारियों ने खराब एयर क्वालिटी की तुलना “सिगरेट पीते हुए मैराथन दौड़ने” जैसी स्थिति से की। उनका कहना है कि भीषण गर्मी और आतिशबाजी से पैदा हुआ प्रदूषण मिलकर स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

सैकड़ों लोगों को मेडिकल सहायता की जरूरत-

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ी। डीसी फायर और EMS विभाग ने बताया कि 96 मरीजों से संपर्क हुआ, जिनमें से 40 लोगों को अस्पताल भेजा गया। वहीं जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में 289 मरीजों और यूएस डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज ने 314 मरीजों से संपर्क की जानकारी दी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इनमें से कितने मामले गर्मी या खराब हवा की गुणवत्ता से जुड़े थे।

10 जगहों से छोड़े गए 8.5 लाख पटाखे-

यह विशाल आतिशबाजी शो नेशनल मॉल, पोटोमैक नदी की नौकाओं और वेस्ट पोटोमैक पार्क सहित 10 अलग-अलग स्थानों से आयोजित किया गया। इसमें लगभग 8.5 लाख पटाखे छोड़े गए। आयोजकों का दावा था कि यह दुनिया के सबसे बड़े आतिशबाजी शो के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को चुनौती दे सकता है, लेकिन रविवार तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

यह भी पढ़े- ओडिशा: पत्नी का शव बाइक पर ले जाने को मजबूर हुआ पति, एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप