Firozabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही दादा की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए रविवार सुबह करीब 10 बजे युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना टूंडला थाना क्षेत्र की है।
अफेयर का विरोध कर रहे थे दादा
पुलिस जांच में पता चला कि युवती के दादा को उसके प्रेम संबंधों की जानकारी थी। वह कई बार उसे समझाने की कोशिश करते थे, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। इसी बीच परिवार ने उसकी शादी किसी दूसरे युवक से तय कर दी। युवती और उसका प्रेमी शादी करना चाहते थे, लेकिन दादा इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद दोनों ने मिलकर दादा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
Firozabad Murder Case: गला रेतकर हत्या, फिर शव को जला दिया
आरोप है कि युवती और उसके प्रेमी ने मिलकर दादा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को आग के हवाले कर दिया, ताकि मामला आत्महत्या या हादसा लगे। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए एक सुसाइड नोट भी तैयार कर दिया गया और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

पशुओं के बाड़े में मिला था जला हुआ शव
मोहम्मदाबाद गांव निवासी 55 वर्षीय नरेंद्र पाल किसान थे। 25 जून की सुबह उनका जला हुआ शव पशुओं के बाड़े में मिला था। शव के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे, जिससे मामला शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था।घटना के कुछ घंटों बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट दिया। इसमें लिखा था कि वह अपनी जमीन दोनों बेटों के नाम कर रहे हैं और उनकी पोती रश्मि (20) की शादी उनकी इच्छा के खिलाफ हो रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद पुलिस को रश्मि पर शक होने लगा।
कॉल डिटेल से खुला पूरा राज
जांच के दौरान पुलिस ने रश्मि के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें शिकोहाबाद के डायनी गांव निवासी 22 वर्षीय विपिन का नाम सामने आया। गांव वालों और परिवार के लोगों से पूछताछ में पता चला कि रश्मि और विपिन पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध में थे।इसके बाद पुलिस ने विपिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने नरेंद्र पाल की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में विपिन ने बताया कि वह पिछले चार साल से रश्मि के साथ रिश्ते में था। लेकिन रश्मि के दादा दोनों की शादी के खिलाफ थे। परिवार ने रश्मि की शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी थी और 6 जुलाई को उसकी बारात आने वाली थी। इसी वजह से दोनों ने दादा की हत्या करने की योजना बनाई।
पहले घर से भागे, फिर बनाई हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, 18 जून को रश्मि अपने प्रेमी विपिन के साथ घर से भागकर सोनीपत चली गई थी। वहीं दोनों ने नरेंद्र पाल की हत्या की साजिश तैयार की। इसके बाद 24 जून को दोनों वापस लौटे।उसी रात विपिन ने मौका मिलने पर नरेंद्र पाल पर चाकू से कई वार किए और फिर उनका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद विपिन ने शव के ऊपर कपड़े और बिस्तर रखकर आग लगा दी, ताकि घटना आत्महत्या या दुर्घटना जैसी दिखाई दे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद रश्मि ने अपने प्रेमी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी ली थी।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने रश्मि और उसके प्रेमी विपिन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें….ओडिशा: पत्नी का शव बाइक पर ले जाने को मजबूर हुआ पति, एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप








