Odisha Police Encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड निवासी कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद नफीस सोमवार तड़के ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, नफीस चोरी और डकैती के 30 से अधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से झारखंड-ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में सक्रिय था।
Odisha Police Encounter: जंगल में छिपाई बंदूक निकालकर पुलिस पर किए दो राउंड फायर-
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान नफीस ने बताया था कि चोरी का सामान चंपुआ के पास पटला फॉरेस्ट क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस उसे बरामदगी के लिए जंगल लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखी गई एक देसी बंदूक निकाल ली और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद वह जंगल का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगा।
Odisha Police Encounter: आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, घुटने में लगी गोली-
अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली नफीस के दाहिने घुटने में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया और घटनास्थल से एक देसी बंदूक भी बरामद की।
जिला अस्पताल किया गया रेफर-
घायल आरोपी को पहले चंपुआ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे क्योंझर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला-
घटना के संबंध में चंपुआ थाना में कांड संख्या 257/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 296 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अंतरराज्यीय गिरोह और साथियों की तलाश तेज-
पुलिस अब मोहम्मद नफीस के अन्य साथियों, अंतरराज्यीय चोरी गिरोह और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच तेज कर रही है। झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से चोरी और डकैती की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
यह भी पढ़े- स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देगी नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति, CM रेखा गुप्ता ने बताया सरकार का विजन








