CM Yogi News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल और खिलाड़ियों को लेकर एक भावनात्मक संदेश जारी करते हुए कहा कि मैदान की मिट्टी इंसान को सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि हर बार गिरकर दोबारा उठना भी सिखाती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जिले में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।

मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार हो चुका है, जबकि आने वाले समय में हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। यहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
CM योगी की अपील
उन्होंने अभिभावकों से खास अपील करते हुए कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को कभी न रोकें। उनके मुताबिक खेल सिर्फ पदक जीतने का जरिया नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष, सम्मान, सहयोग और सकारात्मक सोच जैसी खूबियां विकसित करता है। साथ ही आज के दौर में खेल युवाओं के लिए बेहतर करियर का भी मजबूत विकल्प बन चुका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम ने पहली बार 20 पदक जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रदेश के लिए गर्व की बात
जापान में आयोजित अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों का योगदान भी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सीएम योगी ने कहा कि क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, पैरालंपियन प्रवीण कुमार, भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, दृष्टिबाधित धाविका सिमरन शर्मा और शतरंज ग्रैंडमास्टर वंतिका अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि कोई भी चैंपियन एक दिन में नहीं बनता और खेल संस्कृति भी रातोंरात तैयार नहीं होती। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, सुविधाओं और खेल नीतियों में लगातार सुधार कर रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को भी सुरक्षित बनाया जा रहा है।
Read More : JD Vance के बयान पर नेतन्याहू का जवाब, बोले-अमेरिका ही नहीं; भारत भी हमारा मजबूत दोस्त
Written By : Kanishka








